Summary: डिटर्जेंट नहीं, ओजोन और मिस्ट से साफ करेगी कपड़े चीन की नई मशीन
चीन ने स्पेस के लिए एक अनोखी वॉशिंग मशीन बनाई है। यह मशीन ओजोन और मिस्ट तकनीक से एस्ट्रोनॉट्स को साफ कपड़े पहनने की सुविधा देगी।
Detergent Free Washing Machine: चीन लगातार तकनीकी क्षेत्र में ऐसे इनोवेशन कर रहा है, जो पूरी दुनिया को चौंका रहे हैं। रोबोटिक्स और स्पेस साइंस में बड़ी उपलब्धियों के बाद अब चीन के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी वॉशिंग मशीन तैयार की है, जो कपड़े धोने के लिए डिटर्जेंट की जरूरत नहीं पड़ने देती। खास बात यह है कि यह मशीन अंतरिक्ष यात्रियों के लिए डिजाइन की गई है और स्पेस में आसानी से इस्तेमाल हो सकती है।
गंदे कपड़े अंतरिक्ष यात्रियों की बड़ी समस्या
अंतरिक्ष में रहना आसान नहीं होता। एस्ट्रोनॉट्स महीनों तक स्पेस स्टेशन में रहते हैं, लेकिन वहां कपड़े धोने का कोई साधन मौजूद नहीं है। अब तक उन्हें अपने कपड़े तब तक पहनने पड़ते थे, जब तक वे पूरी तरह गंदे या बदबूदार न हो जाएं। इसके बाद वे उन कपड़ों को फेंक देते थे। यह न केवल असुविधाजनक था, बल्कि सीमित संसाधनों वाले अंतरिक्ष मिशनों में यह बड़ी चुनौती भी थी।
बिना डिटर्जेंट की वॉशिंग मशीन
चीन के एस्ट्रोनॉट रिसर्च एंड टैनिंग सेंटर ने ऐसी मशीन बनाई है जो स्पेस में कपड़े धो सकती है। यह मशीन आकार में एक छोटे सूटकेस जैसी है और इसका वजन सिर्फ 12 किलोग्राम है।
इसकी सबसे खास बात यह है कि यह डिटर्जेंट पाउडर का इस्तेमाल नहीं करती। इसके बजाय यह कपड़े साफ करने के लिए मिस्ट यानी धुंध और ओजोन गैस का उपयोग करती है।

पानी का न्यूनतम उपयोग
स्पेस में पानी बेहद कीमती संसाधन है। यही वजह है कि इस मशीन को बहुत कम पानी खर्च करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह मशीन एक बार में करीब 800 ग्राम कपड़े धो सकती है। इसके लिए इसे केवल 400 मिलीलीटर पानी चाहिए, जो एक छोटे गिलास से भी कम है। पानी को अल्ट्रा-फाइन मिस्ट की तरह कपड़ों पर छिड़का जाता है, जिससे वह पूरी सतह पर समान रूप से फैल जाता है।
कैसे करती है यह मशीन कपड़े साफ
मशीन में एक 30 मिनट की वॉशिंग साइकिल होती है। इसमें तीन चरण शामिल हैं:
मिस्ट स्प्रे: सबसे पहले कपड़ों पर पानी की बेहद बारीक बूंदों की धुंध छिड़की जाती है।
ओजोन क्लीनिंग: इसके बाद मशीन UV लाइट की मदद से ओजोन गैस बनाती है, जो कपड़ों से बैक्टीरिया और गंदगी को खत्म कर देती है।
गर्म हवा से सुखाना: अंत में गर्म हवा कपड़ों को पूरी तरह सुखा देती है।
इस प्रक्रिया में कपड़ों को पांच बार तक दोबारा इस्तेमाल करने लायक साफ किया जा सकता है।
क्या है टेक्नोलॉजी
मशीन में विशेष सेंसर और फिल्टर लगे हैं, ताकि पानी या गैस का रिसाव न हो। टेस्टिंग के दौरान यह वॉशिंग मशीन 99.9% कीटाणुओं को खत्म करने में सफल रही है। इससे साबित होता है कि यह तकनीक न केवल सुरक्षित है, बल्कि अंतरिक्ष यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी भी साबित होगी।
चीन की यह नई वॉशिंग मशीन स्पेस टेक्नोलॉजी में एक बड़ी छलांग है। यह खोज स्पेस मिशनों के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है। इससे न केवल एस्ट्रोनॉट्स को साफ कपड़े मिलेंगे, बल्कि उनके पास संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने का विकल्प भी होगा।
