Summary: एकता कपूर के शो में 22 घंटे नॉनस्टॉप काम करने वाले चेतन हंसराज ने साल में खरीदा अपना घर-गाड़ी
अभिनेता चेतन हंसराज ने बताया कि कैसे वह 22 घंटे लगातार शूटिंग करते थे और आराम तक का समय नहीं मिलता था। उन्होंने 2000 के दशक को टीवी इंडस्ट्री का गोल्डन पीरियड बताया।
Chetan Hansraj: एकता कपूर को यूं ही डेली शॉप क्वीन नहीं कहा जाता, क्योंकि साल 2000 से उनके बनाए गए सीरियल हमेशा टॉप पर रहते हैं। अब उनकी तारीफ खुद अभिनेता चेतन हंसराज ने की है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे वह 22 घंटे लगातार शूटिंग करते थे और आराम करने तक का समय नहीं मिलता था। चेतन ने 2000 के दशक को टीवी इंडस्ट्री का गोल्डन पीरियड बताया। आइए जानते हैं कि आखिरकार उन्होंने अपने इंटरव्यू में क्या कुछ खास कहा।
एकता कपूर के शो में किया काम
टीवी के फेमस एक्टर चेतन हंसराज ने हाल ही में अपने शुरुआती करियर की चुनौतियों को याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय उनका शेड्यूल कितना कड़ा था। चेतन उस समय एक साथ तीन शो कर रहे थे, कुसुम, कहानी घर घर की और क्या हादसा क्या हकीकत। वह खुद कहते हैं, “मैं दिन में लगभग 22 घंटे शूटिंग करता था। जब थोड़ी देर फुर्सत मिलती, तो शॉट्स के बीच ही सो जाता या आराम करता। ऐसे ही हर दिन गुजरता रहता।”
चेतन को नहीं मिलती थी छुट्टी
चेतन ने बताया कि कभी-कभी उन्हें एक दिन की छुट्टी मिल जाती थी, लेकिन वह भी ज़्यादातर थकान के कारण होती थी। बाकी समय वह लगातार सेट से सेट जाते रहते थे और आराम का नाम तक नहीं होता था। हालांकि उस समय कई एक्टर्स लंबे घंटे और थकान को लेकर शिकायत करते थे, चेतन हंसराज इसे अपने जीवन का सबसे यादगार अनुभव मानते हैं। उन्होंने कहा, “ये मेरे लिए बेहद कीमती समय था और मेरे करियर का टीवी का गोल्डन पीरियड।”
एकता कपूर का जताया आभार
अपने इंटरव्यू में चेतन ने एकता कपूर को थैंक यू भी बोला। उन्होंने कहा कि उनकी वजह से ही उन्हें टीवी के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स में काम करने का मौका मिला। 2004 तक उनका बैंक बैलेंस बहुत कमजोर था, लेकिन धीरे-धीरे सब बदल गया। एकता कपूर के शो में काम करते हुए उन्होंने शादी की, अपना घर खरीदा और अपनी पहली कार भी ली। जल्द चेतन रणबीर कपूर की रामायण में रावण के नाना का रोल प्ले करते हुए दिखाई देंगे।
श्वेता तिवारी भी करती थीं लंबी शूटिंग
हम आपको बताते हैं कि पिछले काफी समय से टीवी और बॉलीवुड में लंबे काम के घंटों को लेकर विवाद जारी है। कुछ समय पहले श्वेता तिवारी ने दावा किया था कि उन्होंने अपने करियर के दौरान 72 घंटे तक लगातार शूटिंग की थी और उन्हें आराम करने का समय तक नहीं मिलता था। इसी तरह, क्रिस्टल डी’सूजा ने भी बताया कि उन्होंने 60 घंटे तक लगातार टीवी में काम किया था, और इतनी थकान हो जाती थी कि वह बेहोश हो जाती थीं और उन्हें दवाइयां दी जाती थीं।
लंबी शिफ्ट की वजह से दीपिका ने छोड़ा था फिल्म
आपको बता दें कि इंडस्ट्री में काम के लंबे घंटे को लेकर विवाद तब से ज्यादा बढ़ गया है, जब दीपिका पादुकोण ने संदीप रेड्डी वांगा की एक फिल्म सिर्फ लॉन्ग वर्किंग शिफ्ट की वजह से छोड़ दी थी। इसके बाद कई सेलिब्रिटीज़ ने इस पर अपनी रिएक्शन दिया। कई लोगों ने दीपिका का सपोर्ट किया, तो कई ने कहा कि यह समस्या इंडस्ट्री में कई सालों से मौजूद है। अब खबरों की माने तो दीपिका की छोड़ी हुई फिल्म में तृप्ति डिमरी काम कर रही है।
