Juhi Parmar
गर्मियों के मौसम में ठंडी-ठंडी लस्सी और मीठे-मीठे आम सबके फेवरेट होते हैं। अगर दोनों मिक्स करके कुछ अलग बना दिया जाए तो और मजा आ जाएगा। कुमकुम एक प्यारा सा बंधन की एक्ट्रेस जूही परमार ने फलो का राजा आम के बनी रेसिपी शेयर की है जो बच्चों के साथ बड़ों को भी पसंद आएगी।  उन्होंने सुपर क्विक मैंगो लस्सी की रेसिपी बताई है जिसे आम, दही, दूध और चीनी से बनाया गया है। इसे गाढ़ी और क्रीमी लस्सी बनाने के लिए पानी का इस्तेमाल नहीं किया गया है। इसे कूल करने के लिए केवल आइस क्यूब्स का इस्तेमाल हुआ है। लेकिन इसमें अगर पतली लस्सी चाहते हैं तो पानी एड कर सकते हैं।  जूही परमार की बेटी समायरा ने भी मम्मी की बनाई मैंगो लस्सी पी तो उसे मजा आ गया। आप भी घर पर ट्राय कीजिए जूही परमार की ये रेसिपी। 
सुपर क्विक मैंगो लस्सी 
3-4 लोगों के लिए 
सामग्री 
2 रसीले पके हुए आम 
2 कप दही 
शक्कर स्वादानुसार 
1/4 कप दूध 
1 कप आइस क्यूब्स 
ड्राय फ्रूट्स 
विधि
– लस्सी बनाने के लिए सबसे पहले आम को छिलकर इसके छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। 
– मिक्सर जार में आम के टुकड़े डालें। 
– अब इसमें दही, शक्कर डालें। अब थोड़ा सा दूध डालें। मैंगो लस्सी को पतला करने और मनमाफिक स्थिरता पाने के लिए दूध एड किया है। 
– 1 कप आइस क्यूब्स को डालकर अच्छी तरह से ब्लेंड कर लें। 
– गिलास में लस्सी डाल दें और कटे हुए ड्राय फ्रूट्स से गार्निश कर सर्व करें। 
हर लिहाज से यह रेसिपी हेल्दी है। आम वैसे भी विटामिन, एंटीऑक्सीडेंट्स, प्री-बायोटिक डाइट्री फाइबर्स और मिनरल्स से भरपूर है। इसमें कई तरह के विटामिन जैसे विटामिन ए, विटामिन सी और विटामिन डी प्रचुर मात्रा में है। यह शरीर की संपूर्ण सेहत में सुधार लाने में महत्वपूर्ण हो सकता है। गर्मी के मौसम में खाए जाने वाले आम हीट स्ट्रोक से बचाते हैं। लू और उसके लक्षणों को जड़ से मिटाने के लिए लोग आम पना के रसीले और खट्टे-मीठे स्वाद का मजा लेते हैं। हीट स्ट्रोक का खतरा तब कम होता है जब शरीर में तरल पदार्थ का स्तर उच्च हो। आम पोटेशियम से भरपूर है जो शरीर में सोडियम के स्वस्थ स्तर को बनाए रखता है। सोडियम का स्तर शरीर के तरल पदार्थ के स्तर को नियंत्रित रखता है और लू से बचाता है। यही नहीं आम के सेवन से कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद मिलती है। पाचन शक्ति में सुधार होते है और इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। 
इसमें इस्तेमाल किया गया दही भी कम लाभकारी नहीं है। इसमें भरपूर कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन पाए जाते हैं। दही का सेवन इम्यूनिटी के लिए बहुत अच्छा है विशेष रूप से जब इसमें प्रोबायोटिक होते हैं। दही में मैग्नीशियम, सेलेनियम और जिंक की भी भरपूर मात्रा होती है जो इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करती है।  दही खाने से ऑस्टियोपोरोसिस को रोकने में मदद मिलती है। पेट और आंतों के होने वाले रोगों में आराम मिलता है। पेट के कई रोगों के इलाज के लिए भी दही को अमृत माना जाता है। पेट में जलन या गर्मी होने पर दही से बनी लस्सी पीने से आराम मिलता है।