साड़ी भारतीय महिलाओं की पसंद हमेशा से रहा है। जो रोज नहीं पहनती, वो कभी न कभी इन्हें पहनने के मौके जरूर तलाशती रहती हैं। और जो अक्सर साड़ी पहनती हैं, वो इसके नए पैटर्न और रंग तो ढूंढती ही हैं अब वो इन्हें पहनने के नए तरीके भी तलाशती रहती हैं। उनका मन सिर्फ सीधा पल्ला, उल्टा पल्ला से बिलकुल नहीं भरता है। अब तो वो फैशन के हिसाब से फ्यूजन वाला कलेवर ढूंढ निकालना चाहती हैं। अब भाई फैशन का रंग साड़ी पर भी चढ़ा ही है, ऐसे में उसे सिर्फ पारंपरिक परिधान क्यों मान लिया जाए। साड़ी को इसी नए अंदाज में सजाने एक कोशिश जानी-मानी ड्रेप आर्टिस्ट डॉली जैन ने भी की है। उन्होंने साड़ी पहनने के कुछ खास तरीके इजाद किए हैं, जो साड़ी को आम पहनावे से बिलकुल अलग रूप दे देते हैं। आप भी इन स्टाइल को आजमा कर ट्रेडिशनल नहीं लगेंगी बल्कि पारंपरिक और मॉडर्न का फ्यूजन आपके लुक में नजर आएगा। 
पैंट के साथ साड़ी-
साड़ी और पैंट का कोई भी मेल नहीं है। एक बिलकुल मॉडर्न है तो दूसरा बिलकुल ट्रेडिशनल, अब ऐसे में इन दोनों को साथ में पहनने का तो ख्याल भी नहीं आ सकता है। मगर ये ख्याल डॉली को आया और उन्होंने ऐसी साड़ी ड्रेप की, जिसका लुक साड़ी वाला होते हुए भी मॉडर्न है। इसमें प्लीट्स भी हैं और पल्लू भी। मगर पेटीकोट नहीं है। इसके जगह इसमें पैंट पहनी गई हैं। इसमें रंगों का भी अलग मेल है। ब्लाउज जहां हरा है तो वहीं साड़ी गुलाबी और सफ़ेद रंग की। इसकी पैंट सफेद रंग की चुनी गई है। 
प्लीट्स भी जुदा-जुदा-
इस ड्रेस में लहंगा है और दुपट्टे को ही साड़ी की तरह पहना गया है। इसमें प्लीट्स सिर्फ आगे की और नहीं है बल्कि दूसरा छोर, जो बस यूंहीं लहंगे में फंसा दिया जाता है, उसमें भी प्लीट्स बनाई गई हैं। इन दो तरह की प्लीट्स के साथ लहंगे का लुक बिलकुल फ्लॉलेस दिखता है। 
साड़ी का क्रॉस पल्लू-
साड़ी के इस पैटर्न में पल्लू सिर्फ एक कंधे पर नहीं बल्कि दोनों कंधों पर डाला गया है। इस वजह से पल्लू क्रॉस लुक देता है। इसमें बाएं कंधे पर उल्टा पल्ला तो दाएं कंधे पर सीधा पल्ला डाला गया है। इसके साथ ही इस साड़ी में लुक राजसी सा नजर आता है। सोचा भी नहीं जा सकता है कि साड़ी को इस तरह से भी पहना जा सकता है। आप भी इसको एक बार तो जरूर ट्राई कीजिए। 
लहंगा और साड़ी-
इस ड्रेस में आपको लहंगा और साड़ी दोनों जी नजर आएंगे। इसमें लहंगे के साथ साड़ी को दुपट्टे की तरह इस्तेमाल किया गया है। पल्लू में प्लीट्स हैं तो कमर में भी प्लीट्स बनाई गई हैं। इसके साथ लुक बिलकुल हटकर आता है और बढ़िया भी दिखता है।