रील लाइफ में बॉलीवुड की एक बेहतरीन अदाकारा और रियल लाइफ में एक परफेक्ट बेटी, मां, बहू और पत्नी का किरदार बखूबी निभाने वाली रवीना टंडन आम लोगों की ही तरह ही हैं। गृहलक्ष्मी के 25 साल पूरे होने की खुशी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रवीना टंडन ने अपनी व्यक्तिगत जिंदगी से जुड़ी कुछ बातें शेयर की सुचिता माहेश्वरी से-

अनुभव इंसान को जिंदगी की असलियत सिखाता है और रवीना ने भी इन 25 सालों में अपनी जिंदगी से बहुत कुछ सीखा है। उन्हें गृहलक्ष्मी परिवार के साथ जुडऩा और इस 25 साल के सफर को शेयर करना बहुत अच्छा लगा। रवीना ने कहा कि गृहलक्ष्मी की स्पेशल गेस्ट एडिटर बनना उनके लिए बड़ी ख़ुशी की बात है। उन्होंने गृहलक्ष्मी के साथ मिलकर इसे नई ऊंचाइयों पर ले जाने की बात भी कही।

अच्छी पत्नी
पति-पत्नी के रिश्तों को कैसे सहेजें, इस बारे में रवीना टंडन का कहना है कि हम सब अपने अहम को ऊपर रखते हैं और लड़ाई होने पर बात बंद कर देते
हैं। जिंदगी इतनी छोटी है, इसका एक पल भी मनमुटावों में जाया नहीं करना चाहिए। जो भी हो उसे बात कर सुलझाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हम अपनी शादी को समझौता मान लेते हैं तो हमें पति और बच्चों के लिए किया गया काम जिम्मेदारी लगने लगता है। जब हम ये सोचेंगे कि किस काम से हमारे परिवार को खुशी मिलेगी, तो वह काम कभी हमें बोझ नहीं लगेगा। पति-पत्नी दोनों को एक दूसरे की देखभाल और एक दूसरे की प्रशंसा करनी
चाहिए।

आदर्श बहू
सास-बहू की लड़ाई आम है लेकिन रवीना की अपनी सासू मां से जिस बात पर लड़ाई हुई वो किस्सा बेहद दिलचस्प है। हुआ यूं कि रवीना एक दिन जब घर लौटीं तो उनकी सासू मां काफी गुस्से में थी। जब रवीना ने उनसे पूछा कि क्या हुआ, आप नाराज क्यों हैं तो वो बोली कि तुम जिस तरह अपनी मम्मी से नाराज होती हो, उनसे झगड़ा करके फोन रख देती हो, उस तरह तो तुमने मुझसे कभी लड़ाई की ही नहीं। इसका ये ही मतलब है कि तुम मुझे अपनी मां नहीं समझती, तभी तो जैसे अपनी मां से बात करती हो, आज तक मुझसे नहीं की। सोचिये कितना गहरा रिश्ता होगा रवीना का अपनी सास के साथ।

 कुशल गृहलक्ष्मी

हर महिला चाहती है एक सुंदर साफ घर। रवीना तब बहुत गुस्सा हो जाती हैं जब उन्हें घर में कोई भी वस्तु सही जगह पर न मिले, सामान अस्त-व्यस्त हो या कहीं भी धूल हो। उस दिन घर में काम करने वाले लोगों की खैर नहीं। साथ ही उन्होंने अपने और सासू मां के सारे काम बांट रखे हैं। वो कहती हैं कि इससे तब उन्हें घर और बच्चों की कोई चिंता नहीं होती, जब वो घर के बाहर होती हैं और जब वो घर में होती हैं तो उनकी सास को घर की फिक्र नहीं रहती।

बेहतरीन मां
रवीना अपने दोनों बच्चों राशा और हर्षवर्धन की स्ट्रिक्ट मां होने के साथ-साथ दोस्त भी हैं। रवीना के मुताबिक किसी भी मां को कोई रैंकिंग नहीं दी जा सकती। हर मां बेस्ट होती है जो जितना हो सके उतना अपने बच्चों का ख्याल रखती है। रवीना अपने बच्चों का हर काम करती हैं, उन्हें नहलाने, कपड़े निकालने से लेकर बच्चों के दोस्तों के जन्मदिन के लिए भी खुद बाजार जाती हैं। रवीना का मानना है कि बच्चों की नींव मजबूत होनी जरूरी है, नींव मजबूत होगी तो बच्चे कभी नहीं लडख़ड़ाएंगे।

महिलाओं के लिए टिप्स

-रवीना अपने परिवार को सबसे अधिक प्राथमिकता देती हैं और सभी को उनकी यही सलाह है।

-अपने बच्चों को जंक फूड से हमेशा दूर रखें, सेहत पर ज्यादा ध्यान दें।

-हमें हमारे बच्चों को देशप्रेम की भावना, दयालुता, पेड़ों, जीव-जंतुओं की देखभाल करना, पर्यावरण लिए काम करना सिखाना चाहिए, पृथ्वी का ख्याल रखने के तरीके बताने चाहिए ताकि हमारी अगली पीढ़ी इस पृथ्वी का जो अब तक नुकसान हुआ है उसे सही कर पाए।

-आजकल जैसे माहौल में बच्चों को अनुशासन सिखाना आवश्यक है। बच्चों की बात भी सुनें, सिर्फ अपनी बात न मनवाएं।

-पढ़ाई ऐसा जरिया है, जो उनके दिमाग की बत्ती जला देता है। रवीना ने जोर दिया कि अगर आप अपने रिश्तों को प्यार और सम्मान देंगे तो बदले में भी आपको भी वही मिलेगा।

यह भी पढ़ें-

सकारात्मक सोचिए और मुस्कुराते रहिए- रवीना टंडन

गृहलक्ष्मी ने बॉलीवुड अदाकारा रवीना संग मनाई 25वीं वर्षगांठ

जानिए अमृता राव ने किस के संग किया विवाह

सुरेश रैना के घर आई लक्ष्मी

कान्स में ऐश्वर्या का गोल्डन जलवा

ये क्या! सोनू निगम ने सड़क पर बैठ कर गाया गाना, देखिए वीडियो

 

 आप हमें फेसबुक और ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं।