Spotify Subscription Over, ‘Bored’ Man ‘Passes Time’ With Scammer
Spotify Subscription Over, ‘Bored’ Man ‘Passes Time’ With Scammer

Summary: शिकार बने व्यक्ति ने स्कैमर से की मजेदार बातचीत, बताया हो रहा था बोर

दीपक भगवत का वायरल वीडियो स्कैम कॉल्स पर एक अलग ही नजरिया पेश करता है। उन्होंने घबराने या शिकायत करने के बजाय स्कैमर से मजाकिया अंदाज़ में बातचीत की, जिससे माहौल हल्का हो गया और दोनों ने हंसते हुए कॉल समाप्त किया।

Scam Call Video Viral: आजकल स्कैम कॉल्स इतनी आम हो चुकी हैं कि लोग या तो फोन काट देते हैं या तुरंत नंबर ब्लॉक कर देते हैं। लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसने इस असामान्य स्थिति को मजेदार बना दिया। इस बार न तो कोई घबराया, न ही किसी ने पुलिस में शिकायत की। बल्कि शिकार बने व्यक्ति ने स्कैमर से इतनी सहजता और मजाक में बात की कि पूरा इंटरनेट हंसते-हंसते लोटपोट हो गया। दीपक भगवत नामक इस व्यक्ति ने अपने सोशल मीडिया पर पूरे वीडियो को पोस्ट किया, जिसे अब तक हजारों लोग देख चुके हैं और मजा ले चुके हैं। 

वीडियो कॉल पर सामने आया शख्स पुलिस की वर्दी पहने बैठा था। पीछे राष्ट्रीय ध्वज, महात्मा गांधी की तस्वीर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगी हुई थी। पहली नजर में यह दृश्य एक पुलिस स्टेशन जैसा लग रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री की तस्वीर वहां होने से पूरा सेटअप नकली नजर आ रहा था। स्कैमर ने कॉल करने वाले दीपक भगवत से पहचान पत्र दिखाने और कुछ औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए कहा। दीपक ने चुपचाप सब सुना, लेकिन अचानक सच्चाई सामने रख दी। उन्होंने कहा कि उनका Spotify सब्सक्रिप्शन खत्म हो गया था और सफर के दौरान वह बोर न हों, इसलिए सवह स्कैमर से बात कर रहे थे।

दीपक की इस ईमानदार स्वीकारोक्ति ने स्कैमर को भी हंसा दिया। उसने जवाब दिया, “अब इससे ज्यादा मैं क्या बोल सकता हूं।” इसके बाद बातचीत का स्वरूप बदल गया। दोनों के बीच दोस्ताना लहजे में बातचीत होने लगी। जब दीपक ने कहा कि यह उनका पहला स्कैम कॉल नहीं है, तो स्कैमर ने भी स्वीकार किया – “हमें भी तो करना है न।” इस पर दीपक ने हंसते हुए कहा – “हां मजबूरी है आपकी।” इस दौरान दोनों के बीच माहौल इतना हल्का हो गया कि स्कैमर ने खुद ही कह दिया – “मैंने आपके मजे ले लिए, अअपने मेरे मजे ले लिया। अच्छा हो गया।” 

बातचीत यहीं खत्म नहीं हुई। दीपक ने स्कैमर को नसीहत भी दी कि वह मेहनत की कमाई करें और ईमानदारी से जीएं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा – “मैं प्रभु से प्रार्थना करूंगा कि आपको अच्छा बिजनेस मिले और तब तक आपको अच्छे अच्छे बकरे भी मिले।” स्कैमर ने भी इस बात को सहजता से स्वीकार किया और बातचीत का समापन दोनों की हंसी के साथ हुआ।

यह वीडियो जैसे ही इंस्टाग्राम पर शेयर हुआ, लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी। किसी ने लिखा – “भाई की कंविन्सिंग पावर गजब है, चोर को भी कम्फर्टेबल फ़ील करवा दिया।” वहीं किसी ने मजाक में इसे Spotify का सबसे अच्छा विज्ञापन बता डाला। एक यूजर ने टिप्पणी की – “स्कैमर्स के साथ स्कैम हो गया।” तो दूसरे ने लिखा, “जब हैकर डेवलपर से मिलता है।”

स्कैम कॉल्स का सामना करते समय घबराने की जरूरत नहीं। हालांकि हर बार मजाक करने का तरीका अपनाना सुरक्षित नहीं होता, लेकिन संयम हमेशा काम आता है। किसी भी अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी या बैंक डिटेल्स कभी शेयर न करें। दीपक की तरह मजाक करना हर किसी के बस की बात नहीं, लेकिन यह घटना हमें याद दिलाती है कि मुश्किल परिस्थितियों को हल्का बनाने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण भी अहम है।

स्पर्धा रानी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज ने हिन्दी में एमए और वाईएमसीए से जर्नलिज़्म की पढ़ाई की है। बीते 20 वर्षों से वे लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट लेखन में सक्रिय हैं। अपने करियर में कई प्रमुख सेलिब्रिटीज़ के इंटरव्यू...