Arvind Trivedi Passed away
Ravana has also done Kavad Yatra

रामानंद सागर के बहुचर्चित धारावाहिक रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले 82 वर्षीय अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार रात निधन हो गया है. वे अपने आखिरी पलों में मुंबई में ही थे. उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी का कहना है कि उनकी मृत्यु हार्ट अटैक के कारण हुई है. अरविंद पिछले कुछ वक्त से काफी बीमार थे जिसके चलते उन्हें चलने-फिरने में भी परेशानी होने लगी थी. सभी अपने चहेते रावण की मृत्यु से दुखी हैं व शोक प्रकट कर रहे हैं.

अपने किरदार से छोड़ी अमिट छाप

अरविंद ने ‘विक्रम और बेताल’ और ‘विश्वामित्र’ धारावाहिकों के साथ-साथ ‘पराया धन’, ‘जंगल में मंगल’ और ‘त्रिमूर्ति’ जैसी चर्चित फिल्मों में भी अभिनय किया है. लेकिन, अरविंद को हिंदी फिल्म जगत में अत्यधिक ख्याति उनके किरदार रावण के लिए ही मिली. घर-घर में लोकप्रिय यह चेहरा रामायण की पहचान बन गया. उनके बाद कितने ही रामायण के धारावाहिक और कितनी ही फिल्में आईं लेकिन अरविंद के कदमों पर कोई नहीं चल पाया. अरविंद लगभग 250 फिल्मों में काम कर चुके थे जिनमें ज्यादातर फिल्में उन्होंने गुजराती में की. उन्होंने राजनीति में भी हाथ आजमाया और 1991 से 1996 तक संसद के सदस्य भी रहे.

सितारों ने जताया दुख

रामायण में देवी सीता का किरदार निभा चुकी अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा, “मैं उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूँ. अरविंद एक बहुत अच्छे इंसान थे.’ राम के किरदार से मशहूर अरुण गोविल ने ट्वीट किया, “आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक, धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया। नि:संदेह वे सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे।“


अरविंद के साथी कलाकार और लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने ट्वीट किया, “बहुत दुखद समाचार है कि हमारे प्यारे अरविंद भाई (रामायण के रावण) अब हमारे बीच नहीं रहे. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे… मैं निशब्द हूँ, मैंने अपने पिता समान, मेरे मार्गदर्शक, शुभचिंतक और एक सज्जन व्यक्ति को खो दिया.”

फिल्ममेकर और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स असोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने ट्वीट कर अपना दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “ हार्ट अटैक के चलते चर्चित थिएटर, टीवी और फिल्म अभिनेता अरविंद त्रिवेदी जी के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ. उनके परिवार और करीबी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ.”

Leave a comment