Kitchen Garden: बॉलीवुड की हसीनाओं का दिल इन दिनों किचन गार्डनिंग के लिए खूब धड़क रहा है। शिल्पा शेट्टी से लेकर जूही चावला तक आए दिन सभी अपने सोशल मीडिया से गार्डनिंग की वीडियो और फोटो शेयर करते रहते हैं और फैंस इसे न केवल पसंद कर रहे हैं बल्कि अपना भी रहे हैं।
फिटनेस हो या लाइफ स्टाइल हम बॉलीवुड को जरूर फॉलो करते हैं। लेकिन इससे हटकर आज हम आपको लेकर चलेंगे इनके किचन गार्डन की तरफ। किचन गार्डनिंग के बढ़ते प्रचलन के बीच कुछ ऐसे बॉलीवुड सितारे हैं जिन्होंने अपने घर में किचन गार्डन से अपने करोड़ों फैंस को दीवाना बना दिया है। इसमें योग के लिए मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, प्रीति जिंटा, जूही चावला, रवीना टंडन और सामंथा रुथ प्रभु शामिल हैं। सभी स्टार अपने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने फैंस के लिए गार्डनिंग की वीडियो और तस्वीरें शेयर करते रहते हैं। तो चलिए आज हम आपको इनके किचन गार्डन के सैर पर ले चलें।
शिल्पा के फिटनेस का राज

शिल्पा शेट्टी सोशल मीडिया के माध्यम से खूब अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं और आए दिन सबको अपने किचन गार्डन की सैर करवाती हैं। शिल्पा सबसे ज्यादा फिटनेस से जुड़ी वीडियो बनाने के लिए जानी जाती हैं। लेकिन फिटनेस के साथ-साथ वह अपने किचन गार्डन की वीडियो शेयर कर अपने फैंस को अपने घर में भी एक किचन गार्डन शुरू करने के लिए प्रेरित करती हैं। शिल्पा कई बार गार्डन में अपने बेटे के साथ बैंगन तोड़ती दिखती हैं तो कभी अपने पेड़ से स्टार फ्रूट तोड़ते।
शिल्पा गार्डनिंग को जीवन के सबसे बड़े आनंद में से एक बताती हैं। उन्होंने लिखा कि जीवन चक्र के दौरान प्रयासों को फलित होते देखना अपने बच्चे को बड़ा होते देखने जैसा आनंद देता है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले बीजों को गमलों में लगाया और बैंगन और मिर्च की फसल तैयार देखकर रोमांचित हो गई।
एक वीडियो में शिल्पा अपने गार्डन से घीया तोड़ती हुई दिख रही हैं। तो वहीं दूसरे वीडियो में वह पालक फ्लॉन्ट करती दिखीं। अन्य वीडियो में शिल्पा अमरूद तो कभी नींबू तोड़ती दिखी। शिल्पा की एक अन्य वीडियो में नींबू का पौधा देखा जा सकता है। इसमें शिल्पा अपने घर पर लगे पौधे से नींबू तोड़ती दिख रही हैं।
डिंपल गर्ल की गार्डनिंग

वहीं एक्ट्रेस और आईपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा भी अपनी ‘घर की खेतीÓ का ख्याल खूब रखती है। वह ऑर्गेनिक खेती कर हरी सब्जियां और ताजे फल उगा रही हैं, जिसकी तस्वीर आए दिन वह अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर करती रहती हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर किचन गार्डन की झलक दिखाते हुए संतरे के पेड़ को दिखाया और बताया कि यही चीज उन्हें जुड़वा बच्चों की देखभाल के अलावा व्यस्त रखती है। इतना ही नहीं इससे पहले प्रीति ने अपने घर पर लगे केले के पेड़ की झलक भी फैंस को दिखाई थी। इसके अलावा प्रीति हिमाचल में भी अपने घर पर कई सारे पेड़-पौधे लगाती हैं। एक तस्वीर में डिंपल गर्ल लाल-लाल हिमाचली सेब के साथ नजर आ रही हैं।
जूही चावला ने की मेथी और टमाटर की गार्डनिंग

ऑर्गेनिक फूड को सेलिब्रिटी द्वारा बहुत पसंद किया जा रहा है ऐसे में यह किचन गार्डन में अपने लिए सब्जियां उगाना और खाना पकाने में इनका इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे है। अभिनेत्री जूही चावला भी इस लिस्ट में शामिल हैं। जूही चावला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मेथी और टमाटर लगाने की प्रक्रिया तैयार करते हुए अपनी तस्वीरें शेयर की। पहली बार अपने घर के बगीचे में मेथी, धनिया और टमाटर उगाने को लेकर उत्साहित अभिनेत्री जूही चावला का कहना है कि इससे उन्हे सकारात्मकता मिलती है। वह मानती है कि जब चीजें बाजार से आती हैं, तो व्यक्ति में भावनात्मक लगाव नहीं होता है और हम बहुत कुछ बर्बाद कर देते हैं। लेकिन जब आप चीजों को खुद विकसित करते हैं, उनका पालन-पोषण करते हैं और वे आपके सामने बढ़ते हैं, तो यह पूरी तरह से अलग एहसास होता है।
बता दें कि जैविक खेती में चावला की रुचि रही है और मुंबई के बाहर उनका एक खेत भी है जहां उनके पास लोगों की एक टीम है जो चीजों को व्यवस्थित रूप से लगाते हैं।
घर में ही माइक्रोग्रीन्स उगाती हैं सामंथा

साउथ की जानी मानी फिल्म अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु भी किचन गार्डन में विशेष रूची रखती हैं। सामंथा अपने घर पर सब्जियां उगाती हैं। वह वेजिटेरियन डाइट लेती हैं और ऐसे में अपने घर में ही माइक्रोग्रीन्स उगाती हैं। सामंथा साग के साथ अपने गार्डन में गाजर भी उगाती हैं। सामंथा ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर घर में उगाए गए गाजर के एक गुच्छे को अपने हाथों में पकड़े हुए तस्वीरें साझा की है। जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है, ‘इस सप्ताह का मेनू- गाजर का रस, गाजर का पचड़ी, गाजर का हलवा, गाजर का फ्राई, गाजर की पकौड़ी, गाजर की इडली और गाजर का समोसा। बता दें कि सामंथा का पसंदीदा जगह उनका बगीचा होता जा रहा है, जिसकी झलक उन्होंने अपने तस्वीर को साझा करते हुए अपने फैंस को दिखाया।
रवीना ने बच्चों को सिखाया हार्वेस्टिंग

बॉलीवुड स्टार्स में रवीना टंडन भी उनमें से एक हैं, जो प्रकृति से खास लगाव रखती हैं। वह अक्सर अपने बच्चों को खेत ले जाती हैं और सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरों और वीडियोज में अपनी बेटी राशा और बेटे रणबीर को खेत से सब्जियां निकालना सीखाते दिखती है और उन्हीं सब्जियों को खाना बनाने में इस्तेमाल करती हैं। इसके अलावा रवीना ने अपनी बेटी रशा थडानी के साथ एक वीडियो भी शेयर की है, जिसमें वह मूली की हार्वेस्टिंग करती नजर आ रही हैं।
