India Lockdown: ‘इंडिया लॉकडाउन’ ओटीटी पर जल्द ही रिलीज होने वाली फिल्म जो कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन पर आधारित है। लॉकडाउन ये शब्द सुन आज भी लोग डर जाते हैं। वो दिन आज भी लोगों के जेहन में किसी भयावह सपने की तरह है। रातों रात पूरे देश में लॉकडाउन की खबर ने देश में नहीं लोगों की जिंदगियों पर ताले लगा दिए। किसी के लिए घर में आराम से बैठ सबकुछ मिलने के बाद भी घर में बंद रहना मुश्किल था, तो किसी के खाने कमाने के लाले पड़ने लगे। किसी के लिए खुद को बीमारी से बचाने के लिए घर बैठना मुश्किल था। क्योंकि हालात ऐसे थे कि बीमारी उनके लिए बड़ी नहीं थी, जो बड़ी थी वह थी पेट की आग। लॉकडाउन में हमने किसी के मीलों पैदल चलने की कहानी देखी, तो किसी के बेघर होने की कहानी देखी। ऐसी ही कुछ दिल को झकझोर देने वाली कहानियों को लेकर आ रहें हैं बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर मधुर भंडारकर। ‘इंडिया लॉकडाउन’ के जरिए मधुर ने लॉकडाउन से प्रभावित होने वाले लगभग हर वर्ग के संघर्ष को दिखाने का प्रयास किया है।
‘इंडिया लॉकडाउन’ जीवन पर तालाबंदी
मधुर भंडारकर जो अपनी अलग तरह की बनाई जाने वाली फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। जो हमेशा उन विषयों पर काम करते हैं जो समाज में कहीं न कहीं छुपे होते हैं। वे इस बार मानव इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी से जिंदगियों पर पड़े असर की कहानी को ला रहे हैं। इंडिया लॉकडाउन में 2020 में देश में लगे लॉकडाउन के दौरान के समय को दिखाया गया है। रातों रात लॉकडाउन की खबर से किस तरह लोगों की जिंदगियां बदल गई। पहले 21 दिनों के लॉकडाउन के खत्म होने के इंतजार और फिर अगला लॉकडाउन लगने से मची अफरा तफरी को बखूबी दिखाया गया है। इसके ट्रेलर में समाज के हर तबके पर लॉकडाउन से पड़े असर की भले ही एक झलक देखने को मिलती है। लेकिन यह भी उस दर्द और तकलीफ का अहसास कराने के लिए काफी है। महीनों लम्बे चले इस लॉकडाउन ने लोगों को जीवन के लिए संघर्ष के ऐसे दिन दिखाए जो भूलना नामुमकिन है। जीने के लिए अपने घरों से दूर बसने वालों को जिंदा रहने के लिए मीलों पैदल चल वापस अपने घरों तक जाने की वो दास्तां दिलों को दहला देने वाली थी। इन संघर्षों को बयां करना आसान नहीं है। ‘इंडिया लॉकडाउन’ के जरिए इसे एक बार फिर से महसूस कर उन दिनों से कुछ सीखने और किसी भी परिस्थिति में पहले मानवता को जीवित रखने की सीख तो ले ही सकते हैं।
जल्द रिलीज होगी इंडिया लॉकडाउन
मानवीय भावनाओं और संघर्ष की कहानी ‘इंडिया लॉकडाउन’ ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज होगी। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के बाद से दर्शक रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। तो आपको बता दें कि यह फिल्म 2 दिसंबर को जी5 पर रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक मधुर भंडारकर ने किया है। फिल्म में प्रतीक बब्बर, साई ताम्हणकर, श्वेता बासु प्रसाद, अहाना कुमार, प्रकाश बेलावेदी जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिका निभाई है।

