बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की फिल्म ‘तानाजी द अनसंग वॉरियर’ लगातार बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। फिल्म को रिलीज हुए तीन दिन हो चुके हैं और फिल्म ने 50 करोड़़ का आंकड़ा पार कर लिया है। अजय देवगन की यह फिल्म साल की पहली ब्लॉकबस्टर बनने से अब कुछ ही कदम दूर है। 
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने तीसरे दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ट्विट करते हुए बताया है। ‘तानाजी द अनसंग वॉरियर ने तीसरे दिन 26.08 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। तीन दिन के कलेक्शन को मिलाए तो फिल्म ने टोटल 61.75 करोड़ का बिजनेस कर लिया है।’ ट्रेड एक्सपर्ट के मुताबिक अगर तानाजी इसी तरह लगातार अपनी कमाई करती रहेगी तो फिल्म इस साल की पहली ब्लॉकबस्टर बन जाएगी।

बता दें फिल्म ‘तानाजी’ भारत में कुल 3880 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। इनमें 2डी और 3डी दोनों फॉर्मेट शामिल हैं। वहीं विदेश में फिल्म को 660 स्क्रीन्स मिले हैं, यानी कुल मिलाकर तानाजी को 4540 स्क्रीन्स में रिलीज किया गया। फिल्म 10 जनवरी को रिलीज हुई थी।