Man in black outfit with glasses on stage.
Man in black outfit with glasses on stage.

Summary: Bigg Boss Kannada 12 का सेट सील, शूटिंग पर लगा ब्रेक

कर्नाटक पॉल्यूशन बोर्ड ने पर्यावरण कानूनों के उल्लंघन पर बिग बॉस कन्नड़ 12 का स्टूडियो सील कर दिया। सभी कंटेस्टेंट्स को घर से बाहर निकालकर शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है।

Bigg Boss Kannada 12: कर्नाटक का मशहूर रियलिटी शो ‘बिग बॉस कन्नड़ सीजन 12’ अचानक सुर्खियों में आ गया है, लेकिन इस बार वजह शो की कोई विवादित लड़ाई नहीं, बल्कि पर्यावरण कानूनों का उल्लंघन है। कर्नाटक स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (KSPCB) ने वेल्स स्टूडियो एंटरटेनमेंट को नोटिस जारी कर तुरंत संचालन बंद करने का आदेश दिया है। यही वह स्टूडियो है, जहां शो की शूटिंग चल रही थी। आदेश मिलते ही सेट को सील कर दिया गया और सभी कंटेस्टेंट्स को घर से बाहर निकाल दिया गया।

KSPCB की टीम ने हाल ही में स्टूडियो का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि वहां कचरे का सही डिस्पोजल नहीं किया जा रहा था। प्लास्टिक कप, पेपर प्लेट और गंदगी को अलग-अलग नहीं किया गया था। इसके अलावा, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) यानी गंदे पानी की सफाई की कोई सही व्यवस्था भी नहीं थी। टीम को यह भी पता चला कि स्टूडियो में दो बड़े डीजल जनरेटर (625 kVA और 500 kVA) चलाए जा रहे थे, जिनके लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी।

कर्नाटक के पर्यावरण मंत्री ईश्वर खांद्रे ने बताया कि यह स्टूडियो बिना जरूरी लाइसेंस के काम कर रहा था। उन्होंने कहा, “हमें जानकारी मिली कि स्टूडियो ने जल अधिनियम और वायु अधिनियम के तहत अनुमति नहीं ली। मार्च 2024 में हमने नोटिस भेजा था।” मंत्री ने साफ कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी (राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण) के आदेशों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा, “कानून सबके लिए बराबर है। कोई भी व्यक्ति या संस्था इससे ऊपर नहीं है।”

जैसे ही आदेश मिला, प्रशासन की टीम रात में ही स्टूडियो पहुंच गई। तहसीलदार तेजस्विनी खुद वहां मौजूद रहीं और सभी कंटेस्टेंट्स को बाहर ले गईं। उन्हें कारों में बैठाकर ईगलटन रिजॉर्ट पहुंचाया गया है, जहां उन्हें फिलहाल रखा गया है। अब बिग बॉस का घर पूरी तरह खाली है और किसी को अंदर जाने की इजाज़त नहीं है।

‘बिग बॉस कन्नड़ 12’ को बनिजे एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस करता है, जो अब एंडेमोल शाइन इंडिया के साथ जुड़ा है। इस शो के होस्ट हैं सुपरस्टार किच्चा सुदीप और इसे कर्नाटक में बहुत पसंद किया जाता है। लेकिन अब जब तक स्टूडियो को सभी पर्यावरण मंजूरियां नहीं मिल जातीं, शूटिंग दोबारा शुरू नहीं हो पाएगी।

KSPCB ने साफ कहा है कि स्टूडियो को तभी खोलने की इजाज़त मिलेगी, जब वह सभी पर्यावरण नियमों का पालन करेगा। सरकार ने यह भी कहा है कि स्टूडियो चाहे तो अदालत में अपील कर सकता है, लेकिन कार्रवाई कानून के अनुसार ही होगी। मंत्री खांद्रे ने दो टूक कहा, “यह केवल किसी शो या चैनल की बात नहीं है। यह कानून के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी का मामला है। हर संस्था को नियमों का पालन करना ही होगा।”

मैं एक बहुमुखी मीडिया पेशेवर हूं, जिसे कंटेंट लेखन में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। मेरा लक्ष्य ऐसी सामग्री पर ध्यान केंद्रित करना है जो सूचित, शिक्षित और प्रेरित करती है। चाहे लेख, ब्लॉग या मल्टीमीडिया सामग्री बनाना हो, मेरा लक्ष्य...