Overview: इंडियाज़ गॉट लेटेंट’ विवाद पर आशीष चंचलानी ने तोड़ी चुप्पी
आशीष चंचलानी ने ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट’ विवाद पर सफाई दी, कहा – रणवीर की मूर्खता पर हँसा, बयान पर नहीं, फिर भी पुलिस ने पूछताछ की।
Ashish Chanchlani on Latent Controversy: लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आशीष चंचलानी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में वह अभिनेत्री एली अवराम के साथ अपने कथित रिलेशन को लेकर चर्चा में रहे, लेकिन इससे पहले वह एक बड़े विवाद ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट’ का हिस्सा रह चुके हैं। काफी समय बाद उन्होंने इस विवाद और उसके बाद के हालात पर खुलकर बात की।
विवाद के बाद पुलिस का पहला कॉल आशीष को
आशीष ने हाल ही में पत्रकार फ़रीदून शहरयार से बातचीत में बताया कि विवाद के बाद सबसे पहले पुलिस ने उनसे ही संपर्क किया। क्योंकि शो के दौरान समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्व मुखीजा या तो देश से बाहर थे या फिर उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। आशीष ने बताया, “वो दो महीने बहुत उथल-पुथल भरे थे। समय वैंकूवर में था, अपूर्व से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था, रणवीर भी गायब था। मैं ही बांद्रा में था और पुलिस को पता था कि मैं कहां रहता हूँ, इसलिए वे सीधे मेरे पास आए और मुझे बयान दर्ज कराना पड़ा।”
बिना कमेंट किए भी हुई पूछताछ
चौंकाने वाली बात यह है कि आशीष ने शो में कोई कंट्रोवर्शियल कमेंट नहीं किया था।, फिर भी उनसे इसको लेकर पूछताछ की गई। उन्होंने बताया, “लोगों के लिए यह बस एक रील या क्लिकबेट हो सकता है, लेकिन पुलिस और सरकारी अधिकारियों के सामने होना बहुत गंभीर बात है। मैंने बस शो के एक हिस्से में हंसा था और पुलिस ने उस पर भी सवाल उठाए, जिसके लिए मुझे विस्तार से समझाना पड़ा कि मैं क्यों हंसा। असल में, मैं समय के बयान पर नहीं बल्कि चल रहे अंदरूनी मज़ाक और रणवीर की मूर्खता पर हंसा था ।”
‘रणवीर अल्लाहबादिया कुछ भी बोल देता है’
आशीष का अनुभव इस बात की ओर इशारा करता है कि ऑनलाइन दुनिया में किसी भी बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा सकता है। जो चीज़ दर्शकों को बस एक मजाक या वायरल क्लिप लगती है, वह असल ज़िंदगी में कानूनी और मानसिक रूप से भारी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें सिखाया कि पब्लिक प्लेटफॉर्म पर सोच-समझ के साथ ही कोई चीज कही या की जानी ज़रूरी है, क्योंकि उसका असर काफी लंबे समय तक रह सकता है।
“मैं रणवीर को करीब 7 साल साल से जानता हूं। मुझे पता है कि वो थोड़ा मौज मस्ती मैं कुछ भी बोल देते हैं। लेकिन यह हम सभी के लिए बहुत मुश्किल भरा था। मेरे लिए तो था ही, जबकि समय, अपूर्व और रणवीर के लिए तो बहुत ही ज्यादा था। सर्कस हुआ है 2 महीने।”
आशीष चंचलानी का वर्कफ्रंट
आशीष चंचलानी लाखों सब्सक्राइबर्स वाले एक फेमस यूट्यूबर हैं। जिन्होंने कुछ सालों में, अपने कॉमेडी स्किट्स, सेंस ऑफ़ ह्यूमर और मज़ेदार सोशल मीडिया प्रेजेंस से अपने फॉलोअर्स की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी की है। इसके अलावा, वह कई वेब सीरीज़ में भी नज़र आ चुके हैं और प्रमोशनल कंटेंट के लिए मशहूर हस्तियों के साथ काम कर चुके हैं। उनका अपकमिंग प्रोजेक्ट ‘एकाकी’ है, जो एक हॉरर शो है । इसे आशीष ने लिखा और डायरेक्ट किया है।
