Oldest Hotel: आज के इस दौर में ऐसे बहुत से किले हैं, जो होटल में तब्दील हो चुके हैं, तो कुछ ऐसे भी हैं, जो कभी होटल हुआ करते थे और वो खाली वीरान नज़र आते हैं। मगर इन सबके बीच एक होटल ऐसा भी है, जो सदियों से ज्यों का त्यों बना हुआ है। यह दुनिया का सबसे पुराना होटल माना जाता है। जापान में स्थित इस होटल की खासियत ये है कि इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है। इस होटल का नाम निशियामा ओनसेन कियूनकन है। इस होटल का निर्माण साल 705 में फुजिवारा महितो नाम के व्यक्ति ने करवाया था।
सदियों पहले बनकर तैयार हुआ ये होटल आज भी उसी तरह से चल रहा है। करीब 1316 साल पुराने इस होटल को फुजिवारा महितो की 52वीं पीढ़ी आज भी पूरी लगन से चला रही है। इस होटल के अनोखे इतिहास को जानने के लिए दुनियाभर के लोग यहां आते हैं। इस होटल के आलीशान गर्म झरने आकर्षण का केंद्र हैं, जिसे देखने लोग दूर-दूर से आते हैं।
प्रकृति की गोद में समाए इस होटल के आसपास दूर-दूर तक खूबसूरत वादियां नज़र आती हैं। इसके अलावा होटल के एक ओर घना जंगल बना है, तो वहीं दूसरी ओर कल-कल करती खूबसूरत नदी बहती है, जो इस इलाके की खूबसूरती को चार चांद लगा रहे हैं। इन दिलकश नज़ारों का लुत्फ उठाने के लिए लोग दूर-दूर से यहां आते हैं। कुल 37 कमरों वाले इस होटल में एक रात ठहरने के लिए आपको करीब 35 हजार रुपये चुकाने पड़ते हैं।