Veena in Ayodhya: भारत रत्न लता मंगेशकर के जन्मदिन के मौके पर उनकी याद में रामनगरी अयोध्या में स्मृति चौक का लोकार्पण किया गया। जहां 40 फीट लंबी, 12 मीटर ऊंची और 14 टन वजनी वीणा को स्थापित किया गया है। सरयू नदी तट पर स्थित नया घाट पर बनाए गए स्मृति चौक का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने किया। भारतीय संगीत वाद्ययंत्र वीणा की खूबसूरती को देखने के लिए दूर-दूर से लोग यहां पहुंच रहे हैं। इस वीणा की खासियत ये है कि इस पर मां सरस्वती का चित्र भी उकेरा गया है। 79 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुए स्मृति चौक को बनाने में दो महीने का वक्त लगा है। इसके अलावा चौक के चारों तरफ 92 कमल की आकृति के पत्थर के फूल भी लगाए गए हैं। भारत रत्न सुर सम्राज्ञी स्व. लता मंगेशकर की 93वीं जयंती पर तैयार किए गए इस चौक पर एक शिलापट्टिका भी उकेरी गई है, जिसमें लता मंगेशकर के बारे में हिन्दी के अलावा मराठी में भी पूरी जानकारी दी गई है। इस मौके पर अयोध्या शोध संस्थान से प्रकाशित ग्लोबल एनसाइक्लोपीडिया ऑफ रामायण की 11 पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा।
लता मंगेशकर की याद में अयोध्या में स्थापित हुई वीणा: Veena in Ayodhya
