River of Five Colors: ये नजारा किसी मानव निर्मित तस्वीर का नहीं, कोलंबिया में बहने वाली एक सुंदर नदी का है, जिसका नाम है कैनो क्रिस्टल्स। दूर से देखने में रंगों के पैलेट समान दिखने वाली इस इंद्रधनुषीय नदी की खूबसूरती के कारण इसे ‘दैवीय बगीचा’ कहकर भी पुकारा जाता है। कैनो क्रिस्टल्स नदी सिर्फ कोलंबिया ही नहीं बल्कि दुनिया भर के लोगों को अपनी अनोखी खासियत से हैरान कर देती है। दरअसल, इस नदी में पांच अलग-अलग रंगों का पानी बहता है। पीला, हरा, लाल, काला और नीला रंग। पचरंगी पानी की वजह से नदी को ‘रिवर ऑफ फाइव कलर्स’ के नाम से भी पुकारा जाता है। इसके अलावा इसे ‘लिक्विड रेनबो’ भी कहते हैं। इसकी खूबसूरती को सराहने का सबसे बेहतरीन समय जून से लेकर नवंबर तक का है। इस दौरान सैलानी कोलंबिया का रूख करते हैं और नदी के नजारे का लुत्फ उठाते हैं। नदी के बदल रहे पानी की असली वजह कोई जादू या चमक नहीं है। इसकी असली वजह नदी के बीच उगने वाले पौधे हैं। इस खास पौधे का नाम ‘मैकेरेनिया क्लेविगरा’ है। इस पौधे की वजह से ही पूरी नदी का पानी रंगीन लगता है। इसके पीछे का विज्ञान ये है कि पानी की तलहटी में मौजूद पौधे पर सूरज की रोशनी पड़ते ही पानी का रंग लाल हो जाता है। धीमी और तेज रोशनी के हिसाब से पौधे की अलग-अलग आभा पानी के रंग पर झलकती रहती है।
River of Five Colors: कोलंबिया की रिवर ऑफ फाइव कलर्स अपने रंगीन पानी से कर रही है लोगों को हैरान
