Devprayag River: उत्तराखंड के देवप्रयाग में अलकनंदा और भागीरथी नदी का मिलन एक मनोरम दृश्य पेश करता है। सास-बहू के नाम से मशहूर ये नदियां इस संगम स्थल के बाद गंगा नदी के नाम से जानी जाती है। भागीरथी पूरी रफ्तार और शोर करती हुई तेज वेग से आगे बढ़ती है और शांत स्वरूप रखने वाली अलकनंदा में घुल जाती है।
अलकनंदा का रंग हल्का आसमानी और भागीरथी का रंग हरा नजर आता है। जो पर्यटकों को प्राकृतिक खूबसूरती से अपनी ओर आर्कषित करती है। देवप्रयाग अपने दर्शनीय स्थलों के साथ-साथ धार्मिक केन्द्रों के लिए भी विश्वभर में जाना जाता है। इस पावन धरती पर जहां तक आपकी नजर दौड़कर जाती है, वहीं तक प्रकृति का अद्भुत रूप देखने को मिलता है। 205 किलोमीटर लंबी भागीरथी नदी को किरात नदी के नाम से भी जाना जाता है।