मशरूम प्रोटीन और फाइबर का सबसे अच्छा स्त्रोत माना जाता है। इसके एंटीऑक्सीडेंट गुणों की वजह से इसे सुपरफूड की श्रेणी में रखा गया है। यह एक प्रकार का कवक (फंगस) है, जो बरसात के दिनों में सड़े-गले कार्बनिक पदार्थ पर उग जाता है। हालांकि, यह भी सच है कि सभी तरह के मशरूम खाए नहीं जाते हैं, कुछ मशरूम जहरीले भी होते हैं। शोधकर्ताओं ने एक ऐसे खतरनाक और जहरीले मशरूम की प्रजाति का पता लगाया है, जिसे खाना तो दूर की बात केवल छूने मात्र से ही बीमार हो सकते हैं। लाल रंग का यह जहरीला कवक ऑस्ट्रेलिया में पाया जाता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह कवक इतना जहरीला होता है कि इसे खाने से ऑर्गन फेल होने लगते हैं। इंसान के अंग कां करना बंद कर देते हैं और दिमाग को भी नुकसान पहुंचता है। इतना ही नहीं इस कवक को छूने मात्र से ही शरीर में सूजन हो सकती है। जेम्स कुक विश्वविद्यालय (जेसीयू) के शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह एकमात्र ऐसा कवक है, जिसका जहर त्वचा के जरिए अवशोषित हो सकता है। पोडोस्ट्रोमा कॉर्नू-डामा नामक इस जहरीले कवक को सबसे पहले चीन में साल 1895 में खोजा गया था। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस कवक को इंडोनेशिया और न्यू पापुआ गिनी में भी देखा गया है।
यह भी पढ़ें –अद्भुत: दुबई में स्थित दुनिया का सबसे बड़ा नैचुरल फूलों का मिरेकल गार्डन
