Overview: अनुराग डोभाल और बहू रितिका चौहान को पिता ने किया संपत्ति से बेदखळ
मशहूर यूट्यूबर और 'UK07 राइडर' के नाम से पहचाने जाने वाले अनुराग डोभाल इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। उनके पिता ने अनुराग और उनकी पत्नी रितिका को संपत्ति से बेदखल कर दिया है।
Anurag Dobhal Father Disowned Him: मशहूर यूट्यूबर और ‘UK07 राइडर‘ के नाम से पहचाने जाने वाले अनुराग डोभाल इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। एक तरफ जहां वह अस्पताल के ICU में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके परिवार के साथ चल रहा विवाद अब सार्वजनिक रूप से एक बेहद कड़वे मोड़ पर पहुंच गया है।
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हुए एक भयानक सड़क हादसे में अनुराग के कूल्हे की दोनों हड्डियां टूट गई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, उनके पिता ने अनुराग और उनकी पत्नी रितिका को संपत्ति से बेदखल कर दिया है।
पिता ने अखबार में विज्ञापन देकर किया बेदखल
इस पूरे विवाद में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब अनुराग के पिता, जगदम्बा प्रसाद डोभाल ने अखबार में एक सार्वजनिक नोटिस निकलवाकर अपने बेटे और बहू को बेदखल करने का ऐलान कर दिया। वायरल हो रही इस अखबार की कटिंग में स्पष्ट लिखा है कि वह अपने पुत्र अनुराग डोभाल और पुत्रवधु रितिका चौहान डोभाल को अपनी समस्त चल-अचल संपत्ति से अलग करते हैं।
सोशल मीडिया पर मची खलबली
नोटिस में देहरादून निवासी जगदम्बा प्रसाद ने साफ किया है कि भविष्य में अनुराग या रितिका द्वारा किए गए किसी भी कृत्य, लेन-देन या व्यवहार के लिए वह या उनका परिवार जिम्मेदार नहीं होगा। इस कदम ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है, क्योंकि एक तरफ बेटा अस्पताल में गंभीर स्थिति में है और दूसरी तरफ पिता ने उनसे सारे रिश्ते नाते तोड़ लिए हैं।
इंटर-कास्ट मैरिज पर परिवार की नाराजगी
अनुराग ने अपने आखिरी व्लॉग्स में इस बात का खुलासा किया था कि उनके और परिवार के बीच दरार की मुख्य वजह उनकी इंटर-कास्ट मैरिज थी। अनुराग ने बताया था कि उनके माता-पिता रितिका के साथ उनके रिश्ते के खिलाफ थे। काफी मान-मनौव्वल के बाद वे राजी तो हुए, लेकिन उन्होंने साफ कह दिया कि वे शादी की रस्मों का हिस्सा नहीं बनेंगे। अनुराग का दावा था कि उन्हें अपनी शादी का सारा इंतजाम खुद करना पड़ा और इस दौरान उन्हें न तो माता-पिता का सहयोग मिला और न ही भाई का प्यार।
परिवार पर लगाए टॉर्चर के आरोप
हादसे से पहले अनुराग डोभाल ने इंस्टाग्राम पर कई भावुक पोस्ट और वीडियो साझा किए थे। 3 मार्च को किए गए एक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि उनसे उनका परिवार, पैसा और सारे रिश्ते छीन लिए गए हैं। अनुराग ने यहां तक दावा किया था कि उन्हें मारने की कोशिश की जा रही है और अगर उन्हें कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार उनके माता-पिता, भाई और अन्य करीबी सदस्य होंगे।
लाइव आकर की सुसाइड की कोशिश
मानसिक तनाव इस कदर बढ़ गया कि एक इंस्टाग्राम लाइव स्ट्रीम के दौरान अनुराग ने बेहद आत्मघाती कदम उठाने के संकेत दिए। उन्होंने दिल्ली-देहरादून हाईवे पर अपनी कार को करीब 150 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ाया, जो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण एक्सीडेंट के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

