Summary: पत्नी ट्विंकल के साथ विदेश यात्रा से लौट रहे अक्षय की कोंवॉय गाड़ी से भीड़ गया ऑटो
मुंबई के जुहू इलाके में हुए एक चेन एक्सीडेंट में अभिनेता अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना सुरक्षित बच गए। हादसे के तुरंत बाद अक्षय कुमार ने कार से उतरकर ऑटो चालक और यात्री की मदद की, जिससे उनकी संवेदनशील और जिम्मेदार छवि एक बार फिर सामने आई।
Akshay and Twinkle Road Accident: सोमवार शाम विदेश यात्रा से मुंबई लौटने के कुछ ही समय बाद एक्टर अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना एक डरावने रोड एक्सीडेंट में फंस गए। यह घटना उस वक्त हुई जब दोनों एयरपोर्ट से जुहू स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे। इस वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों का ध्यान तुरंत इस ओर खिंच गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पहले एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी। इसके बाद ऑटो अक्षय कुमार की कोंवॉय गाड़ी (काफिले में शामिल) से जा भिड़ा। टक्कर का असर इतना जोरदार था कोंवॉय गाड़ी एक्टर की एसयूवी से टकरा गई और जुहू के सिल्वर बीच कैफे के पास यह हादसा एक चेन एक्सीडेंट में बदल गया।
हादसे में अक्षय कुमार ने दिखाई इंसानियत
इस दुर्घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई। हालांकि, ऑटो चालक और उसमें सवार लोग कुछ समय के लिए वाहन में फंस गए थे। देखने वालों के अनुसार, गाड़ियों के रुकते ही अक्षय कुमार बिना किसी देरी के अपनी एसयूवी से बाहर निकले और अपने स्टाफ के साथ मिलकर घायलों की मदद में जुट गए। उन्होंने न केवल स्थिति को संभाला बल्कि ऑटो को उठवाकर ड्राइवर और यात्री को सुरक्षित बाहर निकलवाने में भी मदद की।
वहां उपस्थित लोगों ने बताया कि एक्टर और उनकी टीम ने पूरी सूझबूझ और संवेदनशीलता के साथ स्थिति को संभाला, जिससे घायलों को तुरंत राहत मिल सकी। मेडिकल मदद पहुंचने तक अक्षय कुमार वहीं मौजूद रहे और हर संभव मदद करते नजर आए।
25वीं सालगिरह से लौट रहे थे अक्षय और ट्विंकल
यह हादसा इसलिए भी चर्चा में आ गया क्योंकि अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना अपनी शादी की 25वीं सालगिरह मनाकर विदेश से लौट रहे थे। दोनों ने सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी फोटोज भी शेयर की थीं। ट्विंकल खन्ना ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें दोनों पैराग्लाइडिंग करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा था कि उनकी शादी की सबसे खूबसूरत बात यह है कि वे हमेशा एक-दूसरे को उड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
वहीं अक्षय कुमार ने भी अपनी शादी की एक पुरानी याद शेयर करते हुए मज़ाकिया अंदाज में लिखा था कि उनकी सास ने शादी के वक्त जो कहा था, वह 25 साल बाद भी बिल्कुल सच साबित हो रहा है। अक्षय कुमार ने इसके साथ ट्विंकल खन्ना की एक मजेदार वीडियो भी पोस्ट की है।
हादसे से मिली राहत और सीख
हादसे के बाद सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। कुछ देर के लिए इलाके में ट्रैफिक जाम जरूर हुआ, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। साथ ही, अक्षय कुमार का व्यवहार यह भी दिखाता है कि असली स्टारडम मुश्किल वक्त में सामने आता है।
