हरियाणवी डांस से खास पहचान बनाने वाली सपना चौधरी ने अब भोजपुरी सिनेमा में दस्तक दे दी है। वे रवि किशन और काजल राघवानी की फिल्म ‘बैरी कंगना 2’ में स्पेशल नंबर कर रही हैं। ये भोजपुरी फिल्म बिहार और झारखंड के तकरीबन 55 से अधिक सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। जिसका स्‍वागत दर्शकों ने दिल खोल कर किया है और फिल्म में सपना चौधरी के गाने को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है।

सपना का क्रेज

सपना का पहला भोजपुरी गाना “मेरे सामने आके” हाल ही में रिलीज किया गया था। इस गाने में सपना ऑरेंज कलर के घाघरा-चोली पहने एक दम अलग लुक और अंदाज में नजर आ रही हैं। सपना की फैन फॉलोइंग जबरदस्त होने के कारण गाना रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर छा गया। सपना के इस नए गाने को कुछ दिनों में करीब 9 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। सपना की पॉपुलैरिटी के कारण ही उनका कोई भी गाना रिलीज होते ही हिट हो जाता है। भोजपुरी फिल्म ‘बैरी कंगना-2′ का गाना लोगों को खूब भा रहा है। गाने की शुरूआत पहले धीरे होती है लेकिन जैसे ही जैसे गाना आगे बढ़ता है तो उसकी रफ्तार भी बढ़ती जाती है। गाने को सपना फुल एन्जॉय और मस्ती करते हुए नजर आ रही हैं। सपना के अपने नए गाने का क्रेज हरियाणा के अलावा यूपी और बिहार के लोगों के बीच भी है।

YouTube video

महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट

भोजपुरिया दर्शकों की मानें तो आत्‍माओं और किंवदंतियों की कहानी पर बनी इस फिल्‍म में रवि किशन बेहद अलग नजर आ रहे हैं। रवि किशन को लेकर दर्शकों ने कहा कि वे इस फिल्‍म में साउथ वाले रवि किशन जैसे लग रहे हैं। उनके साथ शुभी शर्मा और काजल राघवानी का मैच परफेक्ट है।
फिल्‍म को मिले रिस्‍पांस से निर्माता विनोद पांडेय और निर्देशक अशोक अत्री बेहद खुश हैं और उन्‍हें उम्‍मीद है कि फिल्‍म बॉक्‍स ऑफिस पर ब्‍लॉकबस्‍टर जाएगी। इस बारे में वे कहते भी हैं कि ‘बैरी कंगना 2′ हमारा बेहद महत्‍वाकांक्षी प्रोजेक्‍ट है। जो दर्शकों को पसंद आ रहा। इस मेें रवि किशन के अलावा शुभी शर्मा, काजल राघवनी, आशिश सिंह बंटी ,उमेश सिंह और अवधेश मिश्रा मुख्‍य भूमिका में हैं। फिल्‍म की शूटिंग यूपी और मुंबई में की गई है। गीत प्‍यारे लाल यादव, श्‍याम देहाती,आजाद सिंह और सतीश राय का है, जिसे संगीतबद्ध किया है मधुकर आनंद और के. रत्‍नेश ने।