Ubtan face pack at home
क्या आप भी चेहरे की रंगत वापस लाने के लिए हर महीने पार्लर जाती हैं। जहां एक बार में ही आपकी जेब ढीली हो जाती है तो फिर इन देसी उबटन को आजमाकर जरूर देखें।
तेज धूप और जलती गर्मी से शरीर झुलस जाता है। नतीजतन त्वचा बेरंग सी हो जाती है। इससे बचने के लिए बाजार में कई तरह के सनस्क्रीन और मॉश्चराइजर उपलब्ध हैं। सनबर्न को कम करने के लिए पार्लर में कई तरह के डी-टैन फैशियल भी दिए जाते हैं लेकिन यह काफी महंगे होते हैं।
यदि आप बजट में रहकर टैनिंग से छुटकारा पाना चाहती हैं तो इसके लिए घर में ही उबटन तैयार कर सकती हैं। अच्छी बात यह है कि इनसे त्वचा को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होता है। उबटन लगाने से पहले जरूरी है कि चेहरे को अच्छी तरह साफ कर लें। आप चाहें तो चेहरे पर रुई की मदद से टमाटर का जूस, कच्चे आलू का रस और नींबू को क्लींजर के तौर पर लगा सकती हैं।
कस्तूरी हल्दी का उबटन
सामग्री: चार बड़े चम्मच पपीता का गूदा, आधा चम्मच शहद, 2 चुटकी कस्तूरी हल्दी।
लगाने की विधि: तीनों चीजों को मिलाकर एक मिश्रण तैयार कर लें। तैयार उबटन को नहाने से 20 से 25 मिनट पहले चेहरे पर लगाएं। आप चाहें तो इसे पूरे शरीर पर लगा सकती हैं। उबटन सूखने के बाद नारियल तेल से छुड़ा लें।
संतरे के छिलकों का उबटन
सामग्री: 2 चम्मच संतरे के छिलके का पाउडर, एक छोटा चम्मच चंदन पाउडर, एक छोटा चम्मच कॉफी पाउडर, 2 बड़े चम्मच दही, एक चौथाई चम्मच नींबू का रस।
लगाने की विधि: एक बड़ा चम्मच संतरे के छिलकों का पाउडर लें। इसमें एक चम्मच चंदन पाउडर और एक चम्मच दही डाल कर अच्छी तरह मिलाएं। अब हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए पूरे शरीर में 4 से 5 मिनट मसाज करें। 15-20 मिनट के बाद इसे सामान्य पानी से धो लें।
आटा और आलू के जूस का उबटन
आटा और आलू के जूस का उबटन
सामग्री: दो छोटे चम्मच आलू का रस, एक बड़ा चम्मच गेहूं का आटा।
लगाने की विधि: एक मध्यम आकार के आलू को कद्दूकस करके उसका जूस निकाल लें। अब इसे आटे के साथ अच्छे से मिलाकर एक उबटन तैयार कर लें। नहाने से पहले हल्के हाथों से कम से कम 5 मिनट रगड़ते हुए चेहरे और शरीर पर लगाएं। इसे 15-20 मिनट तक लगे रहने दें। जब थोड़ा सूखने लग जाए, तो पानी से अच्छी तरह धो लें। दरअसल, आलू में प्राकृतिक ब्लीच होता है।
अलसी के बीज और दही का उबटन
सामग्री: एक चम्मच अलसी के बीज, एक बड़ा चम्मच दही।
लगाने की विधि: अलसी के बीज को मिक्सी में अच्छी तरह पीस लें। अब इसमें एक चम्मच दही डालकर उबटन तैयार कर लें। उबटन को चेहरे पर गोलाई में घुमाते हुए हल्के हाथों से लगाएं। 15-20 मिनट के बाद इसे तेल या पानी की सहायता से उतार लें।
चावल के आटे का उबटन
सामग्री: एक चम्मच दही, आधा चम्मच कॉफी पाउडर, एक चम्मच टमाटर का जूस, एक चम्मच चावल का आटा।
लगाने की विधि: उपरोक्त चीजों को मिलकर एक उबटन तैयार कर लें। तैयार उबटन को चेहरे पर अच्छी तरह लगाकर 4-5 मिनट मसाज करें। 15-20 मिनट सूखने दें। पानी से धो लें।
चना दाल, हल्दी, नारियल तेल, नींबू, कच्चा दूध वाला उबटन
सामग्री: दो चम्मच चना दाल (रातभर भीगी हुई), दो चुटकी हल्दी, एक छोटा चम्मच नींबू, एक छोटा चम्मच कच्चा दूध।
लगाने की विधि: सारी चीजों को मिलाकर एक उबटन तैयार कर लें। अब इसे चेहरे और हाथ-पैरों पर लगाएं। उबटन सूखने के बाद इसे पानी की सहायता से गोल-गोल घुमाते हुए उतार लें।
मुलतानी मिट्टी, कस्तूरी हल्दी, गुलाब जल का उबटन
सामग्री: एक छोटा चम्मच मुल्तानी मिट्टी, आधा चम्मच कस्तूरी हल्दी, दो चम्मच
कच्चा दूध।
लगाने की विधि: इन सारी चीजों को कच्चे दूध के साथ मिलाकर एक मिश्रण तैयार कर लें। उबटन को उंगलियों के पोरों से गोलाई में घुमाते हुए चेहरे पर मसाज करते हुए लगाएं। 15-20 मिनट बाद हल्का सूखने पर इसे पानी से धो लें।
