धूप, प्रदूषण और दिनों दिन खराब हो रहे वातावरण की वजह से सनबर्न और सनटैन होना आम बात है। सर्दी हो या गर्मी, धूप का असर हर तरह की स्किन पर होता है। आप इसके लिए तरह-तरह के मॉइश्चराइजर या ट्रीटमेंट ले रही होंगी। लेकिन इस समस्या का इलाज यहां आप त्वचा विशेषज्ञ डॉ. किरण लोहिया से जानिए। पेश हैं इस बेहद परेशान करने वाली समस्या से छुटकारा पाने के आसान उपाय-

सनब्लॉक जरूर लगाएं
आपको टैन या बर्न होना, मतलब आप अपनी त्वचा को धूप से नहीं बचा रही हैं। इसीलिए अब से पीए++और एसपीएफ-30 वाला यूवीए, यूवीबी प्रोटेक्शन सनस्क्रीन लगाएं। सनब्लॉक और सनटैन को ठीक करने वाली क्रीम या लोशन के बिना घर बाहर न निकलें। शरीर के जिस भी हिस्से पर धूप लगनी हो वहां इसे दिन में दो बार और घर के बाहर निकलने से 20 मिनट पहले जरूर लगाएं । घर में हों या बाहर आप इसे सुबह शाम दोनों वक्त लगाएं। हो सके तो घर के अंदर भी जब तक सनबर्न ठीक न हो, इसे लगाते रहें।

वैसलीन या पैट्रोलियम जैली
सनबर्न के दौरान आपकी स्किन की ऊपरी लेयर काफी डैमेज हो जाती है। इसीलिए अपने रेगुलर मॉइश्चराइजर के बजाय वैसलीन या पैट्रोलियम जैली लगाएं ताकि स्किन जल्दी हील हो सके।

ठंडे टिशू
एक कॉटन टिशू लें और इसे ठंडे पानी में भिगोएं और सनबर्न एरिया पर लगाएं। इसे आप दिन में कितनी बार भी लगा सकती हैं।

दूध लगाएं
आप ठंडे पानी की जगह ठंडा दूध भी लगा सकती हैं। क्योंकि दूध में मौजूद हाइड्रेटिंग पावर सनबर्न हुई स्किन को जल्दी ठीक करती है।

एलोवेरा
एलोवेरा जैल को फ्रिज में ठंडा होने के लिए रखें और सनबर्न एरिया पर लगाएं। इससे आपको काफी आराम मिलेगा।

क्रीम क्लींजर
ज़्यादा झाग देने वाला या कोई भी ऐसा फेसवॉश इस्तेमाल न करें जिससे चेहरे पर जलन हो। इसके बजाय क्रीम क्लींजर से चेहरा साफ करें। जैसे- केटाफिल, एपिसॉफ्ट या सेंसीबायो एच-20। इन्हें दो बार से ज़्यादा इस्तेमाल न करें।

बटरमिल्क फेस पैक
ये एक नैचुरल टैन रिमूवर है। इसमें मौजूद लैक्टिक एसिड आपके टैन को बेहद आसानी से कम करता है। क्योंकि बटरमिल्क से डल, डेड और टैन हुई लेयर एक्सफोलिएट होती है। इतना ही नहीं ये कैमिकल पील्स में मुख्य पदार्थों में से भी एक है। इसीलिए इसे 10 से 20 मिनट के लिए चेहरे पर लगाएं और फिर धो लें।

कभी-कभी उबटन भी
कभी-कभी कैमिकल प्रोडक्ट्स नहीं, बल्कि उबटन कमाल कर दिखाता है। आप भी बेसन और पानी को मिलाकर उबटन बनाएं और इसे चेहरे पर लगाएं। सूखने के बाद पानी से सर्कुलर मोशन में इसे हटाएं। ये काम हल्के हाथों से करें और इसे हफ्ते में एक बार ही लगाएं।

टमाटर भी करता है काम
टमाटर में एल्फा-हाइड्रॉक्सी एसिड्स होते हैं, जो बटरमिल्क की तरह पील्स में इस्तेमाल होने वाला जरूरी पदार्थ है। इसी वजह से ये एक कमाल का एंटीऑक्सीडेंट सोर्स है। स्किन की टैन हटाने के लिए टमाटर में दही मिलाएं और इसे फेस पर लगाएं। कुछ देर बाद ठंडे पानी से धो लें।

अनानास और शहद
अनानास विटामिन सी से भरा होता है और शहद में मौजूद होती है त्वचा को हाइड्रेट करने की शक्ति। दोनों को मिक्स कीजिए और चेहरे पर कुछ मिनट लगाइए। फिर धो लीजिए। आपको इसका असर यानि ग्लो उसी वक्त महसूस होगा।

चीनी और रोज़हिप तेल
चीनी एक नैचुरल एक्सफोलिएटर होती है जबकि रोज़हिप तेल में मौजूद मिनरल्स, नैचुरल इसेंशियल फैटी एसिड और विटामिन ए त्वचा में फिर जान डालने का काम करते हैं। आप इन दोनों को मिलाएं और फेस पर हल्के हाथों से स्क्रब करें। ये एक नैचुरल टैन रिमूवर है।

धूप से बचें
जितना आप धूप से बचेंगी, टैन की समस्या से उतना ही दूर रहेंगी। इसीलिए जितना हो सके धूप से खुद को बचाएं खासकर 12-4 बजे के बीच। क्योंकि इस समय यूवी रेज़ काफी तेज होती हैं।

डायमंड माइक्रोडर्माब्रेज़न
इस तरीके से आप टैन से बहुत जल्दी छुटकारा पा सकती हैं, क्योंकि डायमंड क्रिस्टल्स त्वचा की ऊपरी और डेड हो चुकी लेयर को हटा देते हैं, जिससे आपको मिलता है बिना किसी साइड इफेक्ट्स के इन्सटेंट ग्लो। ये डायमंड क्रिस्टल्स स्किन को डीप एक्सफोलिएट कर टैन को खत्म कर देते हैं।