चेहरे की खूबसूरती की देखभाल में फेस मास्क अहम भूमिका निभाते हैं। ये डेड स्किन को हटा कर नई एनर्जी भरते हैं, जिससे स्किन में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और स्किन ग्लो करने लगती है। आजकल हर तरह की स्किन के लिए पार्लर में अलग-अलग मास्क उपलब्ध है, लेकिन जरूरी नहीं कि हर बार पार्लर जा कर ही फेस मास्क लगवाएं। आजकल मार्केट में कई तरह के फेस मास्क उपलब्ध हैं, बस इन्हें लगाने से पहले कुछ बातों को जानना जरूरी है।
 
स्किन के अनुसार हो मास्क
कोई भी मास्क लगाने से पहले अपने स्किन की जरूर जांच-परख लें कि वह किस टाइप की है तभी इसका इस्तेमाल करें।
 
1. ड्राई स्किन- 
ऐसी स्किन के लिए क्रीमी बेस्ड मास्क अच्छे होते हैं। ये स्किन को मॉइश्चर प्रदान करते हैं। इसके लिए ग्लिसरीन का इस्तेमाल करें और स्किन को सील करने के लिए विटामिन ई व जैतून का तेल जरूर लगाएं।
 
2. ऑयली स्किन- ऑयली स्किन में मौजूद वसा ग्रंथियां सामान्य त्वचा की तुलना में अधिक वसा का उत्पादन करती है और गर्मी के मौसम में ये और अधिक बढ़ जाती हैं। ऐसी स्किन के लिए फ्रूट मास्क का प्रयोग करें। एक पके केले को छील कर मसल लें। फिर इसमें एक छोटा चम्मच नींबू का रस और एक छोटा चम्मच शहद मिलाकर फेस और गर्दन पर लगाएं। फिर कुछ देर बाद गुनगुने पानी से धो लें।
 
3. सेंसिटिव स्किन- इस तरह की स्किन बहुत नाजुक होती है और इसे सबसे अधिक देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे में ऐसे मास्क का प्रयोग करें जो स्किन को आराम दे। इसके लिए टमाटर के रस और दही का पेस्ट बना कर दोनों को मिला कर फेस पर लगाएं। 20 मिनट फेस पर लगा रहने दें फिर ठंडे पानी से धो दें।
 
जरूर ट्राई करें ये मास्क
1. व्हाइटनिंग मास्क : अगर आप किसी खास अवसर पर जा रही हैं तो जाने से दो घंटा पहले इस मास्क को लगाएं।
2. मॉइश्चराइजिंग मास्क : यह मास्क 40 की उम्र के बाद 15 दिन में एक बार प्रयोग करना चाहिए, इससे त्वचा सूखी नहीं रहती और चेहरे पर ग्लो बना रहता है।
3. रिजुविनेशन मास्क : मेनोपॉज के बाद यह मास्क बहुत उपयोगी रहता है। इससे त्वचा साफ होती है और पिगमेंटेशन व झुर्रियों से भी राहत मिलती है।
4. एक्ने मास्क : जिनके चेहरे पर मुहांसे होते हैं व जिनकी त्वचा तैलिए होती है, उनके लिए यह मास्क अच्छा होता है। यह मुहांसों के साथ-साथ तैलीय स्राव को कम करता है।
 
क्या है एक्सपर्ट की राय
कॉस्मोटोलॉजिस्ट व माइंड थेरेपिस्ट अवलीन खोकर  कहती हैं कि गर्मी के मौसम में हमेशा त्वचा की सीटीएम करें यानी क्लीजिंग, टोनिंग और मॉइश्चराइजिंग करें क्योंकि इससे स्किन चमकदार बनी रहती है। हफ्ते में 2 बार मास्क लगाएं और दमकती त्वचा पाएं। गर्मी के मौसम में सूरज की तपती किरणों और प्रदूषण के कारण स्किन अपना मॉइश्चर खोने लगती है, जिसकी वजह से फेस पर डेड सेल्स जमा होने लगती है। तेज धूप के कारण सन टैंनिंग की प्रॉब्लम होती है। ऐसे मौसम में स्किन में पानी की कमी न होने दें। इसके लिए लिक्विड डाइट का सेवन लेना जरूरी है।