इन टिप्स से सफेद होते बालों को बचाएं
खारे पानी या फिर अलग-अलग जगह का पानी इस्तेमाल करने के बाद बाल पकने की समस्या होती है। जिससे जवानी में ही आप बूढ़े लगने लगते हैं।
Prevent Grey Hair: स्किन के अलावा अक्सर लोग बाल झड़ने की समस्या से जूझते रहते हैं। खासतौर पर युवाओं में ये समस्या पिछले कुछ सालों से ज्यादा दिख रही है। बाल झड़ने के अलावा लोग जल्दी बालों के सफेद होने की समस्या से भी परेशान होते हैं। खारे पानी या फिर अलग-अलग जगह का पानी इस्तेमाल करने के बाद बाल पकने की समस्या होती है। जिससे जवानी में ही आप बूढ़े लगने लगते हैं। एक बार बाल सफेद होने शुरू हुए तो ये तेजी से फैलता है और देखते ही देखते आपके पूरे बाल सफेद होने लगते हैं। लेकिन कुछ तरीके हैं, जिनसे इस समस्या से बचा जा सकता है।
प्याज के रस से मसाज

प्याज को बालों के लिए काफी अच्छा माना जाता है, पिछले कुछ वक्त से मार्केट में प्याज से बने शैंपू और तेल भी तेजी से बिक रहे हैं। आप घर पर ही इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। कुछ प्याज के टुकड़ों को मिक्सर में डालकर पीस लीजिए और इसके बाद इस पेस्ट को अपने हाथों से अपने बालों की जड़ों पर लगाइए। इससे आपके बाल सफेद होने की समस्या से बचे रहेंगे।
आंवले का इस्तेमाल

आंवला बालों की सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। ये उम्र से पहले आने वाली सफेदी को कंट्रोल करता है। आजकल आंवला हर मार्केट में आसानी से मिल जाता है। इसीलिए आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। आप रोजाना आंवले का रस पानी में मिलाकर पी सकते हैं, इसके अलावा इसे मेहंदी में मिलाकर भी लगाया जा सकता है।
बालों की देखभाल जरूरी

अक्सर लोग स्किन की तो खूब देखभाल करते हैं, लेकिन बालों को भूल जाते हैं। कई लोग महीनों तक बालों में तेल तक नहीं लगाते हैं, जिससे ड्राइनेस होने लगती है और बालों की समस्याएं होने लगती हैं। बालों में हर हफ्ते तेल लगाएं। इससे बाल स्वस्थ रहते हैं और काले रहते हैं। बालों के लिए नारियल और बादाम का तेल काफी फायदेमंद होता है।
रात में वक्त से सोना

बालों के सफेद होने के पीछे एक कारण रात में देरी से सोना भी बताया जाता है। कहा जाता है कि जो लोग देर रात तक सोते हैं, अक्सर उनके बाल तेजी से पकने लगते हैं। इसके अलावा धूप और धूल में ज्यादा देर तक रहना भी एक कारण हो सकता है। इसीलिए कोशिश करें कि जल्दी सो जाएं और गंदगी से अपने बालों को दूर रखें।
तनाव से रहें दूर

भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई तनाव से पीड़ित है, किसी को नौकरी की चिंता है तो कोई परिवार की समस्याओं से परेशान है। ऐसे में ये तनाव लेना भी बालों के लिए खतरनाक हो सकता है। इससे बाल पकते हैं। इसीलिए कोशिश करें कि कम से कम तनाव लें, खुश रहें और गुस्सा भी कम करें। इससे आपकी हेल्थ और आपके बाल स्वस्थ रहेंगे।
बालों को पकने से रोकने के लिए लोग करी पत्ते और नारियल तेल का भी इस्तेमाल करते हैं। ये काफी पुराना तरीका है। कोशिश करें कि सफेद बालों की समस्या को दूर करने वाले भ्रामक विज्ञापनों और प्रोडक्ट्स से दूर रहें। ऐसा करने पर आप अपने बालों को और ज्यादा खराब कर सकते हैं। इसीलिए नेचुरल तरीके से ही इस समस्या का समाधान खोजें।
