खूबसूरत, गुलाबी होंठ की चाहत हर किसी को होती है, क्योंकि नाजुक होंठ सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करते हैं। कभी गुलाब की पंखुड़ी तो कभी जाम, न जाने कितने नामों से इन लबों की तारीफ की जाती है और तारीफ हो भी क्यों नहीं की जाए आखिर ये अधर खूबसूरती को निखारते जो हैं। इन होंठों की खूबसूरती यूं ही निखरी रहे, इसके लिए जरूरी है सही देखभाल की।
कैसे लगाएं लिपस्टिक :-
लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों पर लिप बाम लगाएं। इसके बाद स्पंज से होंठों पर अच्छी तरह से फाउंडेशन लगाएं। ब्रश की मदद से होंठों पर पाउडर लगाएं। फिर लिप लाइनर से होंठों की आउटलाइन बनाएं। वैसे आजकल आउटलाइन को डार्क करने का फैशन नहीं है, इसलिए ऐसी आउटलाइन बनाएं जो दिखाई न दे। मतलब आउटलाइन को लिपस्टिक से ऐसा छुपा दें कि पता ही ना चले।उसके बाद लिप ब्रश से लिपस्टिक लगाएं। लिपस्टिक लगाने के बाद टिश्यू पेपर को होंठो के बीच रखकर दबा दें।ऐसा करने से लिपस्टिक बहुत देर तक टिकी रहेगी। होंठों को गोलाकार करें और उंगली बीच में रख कर दबा लें, ताकि लिपस्टिक दांतों पर ना लगे। अगर आप कुछ अलग-सी दिखना चाहती हैं तो होठों पर आप हल्का सा गिल्टर लगा सकती हैं।
त्वचा के रंग के अनुरूप करें लिपस्टिक का चुनाव :-
अगर आपका रंग गोरा है तो आप पर लाल रंग की लिपस्टिक सुंदर लगेगी। पर अगर त्वचा का रंग सांवला है तो आप सिर्फ लाल रंग के एक कोट के बाद कोई ब्राउन या मैरून शेड का दूसरा कोट लगा लें।
होंठ के आकार के अनुसार लगाएं लिपस्टिक :-

पतले होंठों के लिए :-
अगर आपके होंठ पतले और सीधे हैं, तो लिप लाइनर से होंठों की ऊपरी रेखा से थोड़ा ऊपर आउट लाइन बनाएं और निचले होंठ की रेखा से भी थोड़ा नीचे आउट लाइन बनाएं। रेखाओं को थोड़ा गोल आकार दें, पतले होंठों के लिए ग्लॉस फिनिश की लिपस्टिक लगाएं। बीच में गहरा और कोनों पर हल्का शेड लगाएं, ताकि होंठ भरे-भरे नजर आएं।
छोटे होंठों के लिए :-
अगर आपके होंठ छोटे हैं तो लिप लाइनर से होंठों के दोनों किनारों से रेखा थोड़ी-सी बाहर को निकाल दें। फिर लिप ब्रश से लिपस्टिक लगाएं।
मोटे होंठों के लिए :-
होंठ अगर मोटे हैं तो हल्के रंग के लिप लाइनर का प्रयोग करें। होंठों को पतला आकार देने के लिए आउट लाइन होंठों की रेखा के अंदर बनाएं।उसके बाद ब्रश से लिपस्टिक भरें। होंठों को थोड़ा पतला दिखाने के लिए मैट फिनिश की लिपस्टिक लगाएं।
लिपस्टिक के नए शेड्स :-
पहले जहां डार्क कलर की लिपस्टिक का फैशन था, आज न्यूड लुक का फैशन है। आजकल लिपस्टिक मे लाइट शेड्स जैसे-नेचुरल पिंक, पीच, ऑरेंज, स्किन कलर, ट्रांसपेरेंट, कॉपर, पर्पल आदि चल रहे हैं। पार्टी वगैरह में भी लाइट पिंक, ऑरेंज शेड ज्यादा चल रहा है।
खानपान से रखें होंठों को सुंदर :-
होंठ के सूखने का कारण शरीर में पानी की कमी है। इसलिए होंठों को नरम रखने के लिए जरूरी है कि दिन में कम से कम दस-पंद्रह गिलास पानी पिएं। विटामिन ‘बी’ और ‘सी’ की कमी से होंठों के किनारे फट जाते हैं, जिससे उनका रंग काला पड़ जाता है। इसलिए इससे बचने के लिए पौष्टिक भोजन करें।
