मेकअप करना एक कला है लेकिन इन्हें संभाल कर रखना भी एक कला है। इनकी समय-समय पर सफाई इसी देखभाल का जरूरी हिस्सा है। ऐसा करके आपका मेकअप सुंदर के साथ हाइजीनिक भी हो जाएगा। याद रखिए साफ-सफाई कोरोना के इस दौर में वैसे भी बहुत जरूरी। लेकिन त्वचा पर बार-बार इस्तेमाल होने वाले ब्यूटी टूल्स को नियम से साफ किया जाना चाहिए। इन टूल्स की सफाई से आप उन सारे किटाणुओं को खुद से दूर कर लेती हैं, जो आपके चेहरे पर कई बार इस्तेमाल होने के साथ दोगुने भी हो सकते हैं। बाद में बीमारियों का कारण भी ये टूल्स बन सकते हैं। इस तरह से आपके महंगे ब्यूटी टूल्स अपना काम और बेहतर तरीके से कर पाएंगे। कौन-कौन से टूल्स की सफाई होती है सबसे जरूरी? किस तरह इन्हें किया जाना चाहिए साफ आइए जानें-
मेकअप ब्रश हों साफ-साफ-
मेकअप ब्रश एक ऐसा मेकअप टूल है तो तरह-तरह के मेकअप और चेहरे दोनों के ही टच में आता है। इसलिए इनकी सफाई जरूरी हो जाती है। इस वक्त तो मेकअप प्रोडक्ट में भी किटाणु होने की पूरी संभावना रहती है। इन्हें कैसे करें साफ, जान लेना आपके लिए एक जरूरी जानकारी हो सकती है। जानिए स्टेप बाय स्टेप-
• सबसे पहले ब्रश को ठंडे या सादे पानी में भिगो दें।
• कोशिश करें कि सिर्फ ब्रश ही भीगें। क्योंकि ब्रश और हैंडल के जुड़ने वाली जगह अगर पानी में भीगेगी तो इनका एडहेसिव भी निकल सकता है। 
• अब थोड़ा सा शैम्पू अपने हाथों में लें और दोनों हथेलियों के बीच ब्रश को रख कर हल्के हाथों से रगड़ें। कोशिश करें कि शैम्पू ब्रश के बीच में जरूर जाए। 
• अब सादे पानी से ब्रश धो दीजिए, देखिएगा कि हैंडल सूखा रहे। 
• अब ब्रश को थोड़ा निचोड़ दें, लेकिन इस्तेमाल करने से पहले कोशिश करें कि इनको रातभर के लिए यूंहीं सूखने के लिए छोड़ दें। 
• इनको टॉवल पर फ्लैट रख कर छोड़ दें। 
मस्कारा से ना मिलें किटाणु-
पलकों पर मस्कारा लगाने के बाद कर्लर का इस्तेमाल अक्सर ही हम करते हैं। लेकिन ये ही स्टेप किटाणुओं को बढ़ाने का काम करता है। कर्लर के बार-बार इस्तेमाल से किटाणुओं के बढ़ने का खतरा रहता है। इसलिए जरूरी है कि कर्लर की सफाई की जाए। 
• इसके लिए कर्लर की सफाई कॉटन पैड में एल्कोहल या कोई अच्छा डिटर्जेंट डालकर ही की जानी चाहिए।
• कॉटन पैड के साफ हिस्से से सफाई करते जाएं तो अच्छा। सबसे आखिर में एक साफ पैड से भी सफाई की जा सकती है। 
• अब इसे खुद सूखने दें। 
मेकअप पेंसिल शार्पनर की भी हो सफाई-
मेकअप पेंसिल शार्पनर एक ऐसा टूल है, जिससे काजल के साथ लिप पेंसिल भी शार्प की जाती है। अब ये मेकअप कई लोगों ने इस्तेमाल किए हैं या नहीं भी किए हैं तो भी किटाणु इन पर बैठते चले जाते हैं। इसलिए शार्पनर की सफाई भी जरूर की जानी चाहिए। इसको हर इस्तेमाल के बाद भी साफ किया जा सकता है। इसके लिए आपको किसी पुराने टूथब्रश में एल्कोहल लगाने के बाद इससे शार्पनर की सफाई करनी होगी। शार्पनर के किनारे इससे साफ किए जा सकते हैं। अब ठंडे पानी से इसे धो लें और सूखने दें। 
मेनीक्योर-पेडीक्योर टूल्स भी हो जाएं हायजीनिक-
मेनीक्योर-पेडीक्योर टूल्स तो ऐसी चीजें हैं, जो सीधे तौर पर गंदगी के संपर्क में आती हैं। इनकी सफाई तो बेहद जरूरी हो जाती है। इससे जुड़े कई टूल्स तो ऐसे होते हैं, जो एक बार के इस्तेमाल के बाद ही बेकार हो जाते हैं। इनको तो फेंक ही देना चाहिए। बाकी जो भी आइटम हैं उन्हें कोशिश करें शैम्पू या फिर एल्कोहल से ही साफ करें। इस काम में पुराने टूथब्रश का सहारा लिया जा सकता है। दोबारा इस्तेमाल से पहले जान लें कि सारे आइटम अच्छे से सूखने के बाद साफ बॉक्स में रखे गए हों। 
कर्लिंग आइरन भी हो साफ-
कर्लिंग आइरन, एक ऐसा टूल है, जिसे आप पानी में डाल कर साफ बिलकुल नहीं कर सकती हैं। इसकी सफाई के लिए भी कुछ खास बातें ध्यान रखनी होंगी, जैसे-
• सफाई से पहले ये आइटम पूरी तरह से ठंडे होने चाहिए। 
• अब कॉटन बॉल को गीला कर लें। पानी की जगह एल्कोहल या किसी दूसरे डिटर्जेंट का इस्तेमाल भी हो सकता है। 
• इससे सफाई के बाद अच्छे से सूखा लें। 
• बेकिंग सोडा और पानी को मिलाकर तैयार मिश्रण से भी इस टूल की सफाई की जा सकती है। इन दोनों को मिलाकर एक पेस्ट जैसा तैयार करना होगा। 
• इस पेस्ट को आइरन पर लगा दें और कपड़े से पोछ दें। 
• अब साफ पानी में भीगे कपड़े से आइरन को पोछ दें और सुखा लें। 
हेयर ब्रश को गंदगी से छुटकारा-
हेयर ब्रश में बहुत सारी गंदगी इकट्ठा होती जाती है। सिर में इस्तेमाल हुए बहुत सारे हेयर प्रोडक्ट हेयर ब्रश में ही लगते जाते हैं। अब अगर इनकी नियमित सफाई नहीं होगी तो ये गंदगी दोबारा सिर पर पहुंच जाएगी। इसलिए जरूरी है कि हेयर ब्रश की सफाई नियम से की जाए। 
• सबसे पहले तो ब्रश से कुछ गंदगी खुद ही निकालने की कोशिश करें। 
• अब इनको शैम्पू के पानी में भिगो दें। पानी के अंदर हाथ डालकर शैम्पू में लगाएं। 
• इनको 15 मिनट तक इसी पानी में भीगा रहने दें। 
• पुराने टूथब्रश से ब्रश की सफाई करें। 
• अब इन्हें अच्छे से धो लें और सूखने दें। 
• नेचुरल बोर ब्रिस्टेल और लकड़ी के हैंडल वाले ब्रश को भिगोने से बचें। 
• इन पर पुराने ब्रश से सफाई की जा सकती है, फिर इन्हें सूखने दें। 
हेयर बैंड्स भी होते हैं गंदे-
हेयर बैंड्स की सफाई भी जरूरी होती है। कपड़े के हेयर बैंड्स को साबुन के पानी में भिगोया जा सकता है। अगर ये दूसरे किसी मटेरियल के हैं तो डिटर्जेंट के घोल में कॉटन भिगोकर भी सफाई की जा सकती है। सफाई के बाद इन्हें सूखने का पूरा समय जरूर दें। 
ये भी पढ़ें-