मेकअप की दीवानी आप जरूर एक-एक प्रोडक्ट को बहुत समझदरी से खरीदती होंगी। आप बहुत सोच-समझकर और ट्रेंड के हिसाब से वैनिटी के रंग चुनती होंगी। लेकिन क्या आप जानती हैं? कुछ रंग ऐसे भी होते हैं, जिन्हें आपके मेकअप कलेक्शन का हिस्सा होना ही चाहिए। फिर चाहे लिपस्टिक हो, या ब्लशऑन, फाउंडेशन हो या आईशैडो। हर कॉस्मेटिक प्रोडक्ट के कुछ बेसिक कलर आपके पास होने ही चाहिए। ताकि आप कभी आउट ऑफ फ़ैशन या आउट ऑफ ट्रेंड न हों। दरअसल ये वो रंग होते हैं, जो आपको तब भी बेहतरीन लुक देगा, जब आपके पास कोई मैचिंग कलर कॉस्मेटिक नहीं होगा। मतलब इन रंगों के साथ आपके पास कोई और रंग न भी हो तो चलेगा। 
ब्लशर हों ऐसे-ऐसे-
ब्लशर मेकअप का अहम हिस्सा होते हैं। इनके बिना मेकअप पूरा नहीं होता है इनका चुनाव भी करने के लिए मैचिंग-मैचिंग करने से पहले कुछ रंगों को जरूर चुन लें। इसके लिए अपने स्किनटोन को ध्यान में रखते हुए कुछ टिप्स अपनाने होंगे-
फेयर त्वचा-
सॉफ्ट पिंक, लाइट कोरल और पीच
मीडियम त्वचा-
रिच पिंक, वार्म मोव, डीप पीच
डार्क कलर त्वचा-
डीप फ्यूशिया, वार्म ब्राउन, टैंगर
न्यूड लिपस्टिक है न-
न्यूड लिपस्टिक की एक खासियत होती है कि वो आपकी नेचुरल ब्यूटी को नेचुरल ही बने रहने देती है। पर मेकअप का एफेक्ट भी बराबर दिखता रहता है। लेकिन हां, आपके होंठ बहुत खराब नहीं होने चाहिए, जैसे इनका रंग बहुत गाढ़ा हो या इन पर झाइयां हों। 
प्यारा-प्यारा पिंक-
ये एक ऐसा कलर है, जो हर लड़की को पसंद होता ही है। और ये हर कलर की ड्रेस के साथ मैच भी कर जाता है। इसकी एक खासियत ये भी है कि इस रंग के साथ आपको स्किन के कलर के बारे में नहीं सोचना पड़ता है। इस रंग के साथ उम्र का भी कोई रिश्ता नहीं है। मतलब ये हर उम्र पर अच्छा लगता है। 
लाल होंठों का चलन-
लाल रंग की लिपस्टिक मतलब वो रंग जो कभी भी आउट ऑफ फ़ैशन नहीं होता है। बल्कि हर रंग की ड्रेस, हर लुक और हेयर स्टाइल के साथ ये रंग खूब जंचता है इसलिए जरूरी है कि आपकी वैनिटी में लाल रंग का एक शेड जरूर हो। इससे आपको रेट्रो लुक मिलेगा तो मॉडर्न लुक भी। ट्रेडीशनल लुक भी मिलेगा और पार्टी मेकअप तो होगा ही इस लिपस्टिक के साथ। 
आई शैडो हों ऐसे-
आई शैडो की बारी आती है तो कई बार हम ऐसा पैलेट खरीद लेते हैं, जिसकी कभी जरूरत पड़ती ही नहीं है। जबकि कुछ कलर ऐसे हैं, जिन्हें अपनाकर रंगों का चुनाव करने की चिंता पीछे छोड़ी जा सकती है। जैसे स्मोकी आइस दिखाने के लिए ब्लैक आई शैडो आपके पास जरूर होनी चाहिए। इससे आईब्रो को भी सेट किया जा सकता है। इसके जैसे और रंगों को भी पहचान लीजिए-
शिमरी का नशा-
शिमरी आई शैडो का ये है कि पार्टीवियर किसी भी रंग का हो, उसमें सूट कर जाता है। 
सॉफ्ट पिंक-
सॉफ्ट पिंक भी एक ऐसा रंग है, जो हर कलर टोन पर फिट बैठता है। फिर चाहे ये रंग मेट हो या शिमरी, अच्छा लगता ही है।
(मेकअप आर्टिस्ट सोनल आनंद ने बताया)