करवा चौथ शादीशुदा महिलाओं के लिए एक विशेष त्योहार है। शादीशुदा महिलाएं इस खास दिन अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं और पूजा-पाठ करती हैं। करवा चौथ सुंदरता का प्रतीक भी है। इस दिन महिलाएं अपने पति के लिए सजती-संवरती हैं। उम्र की परवाह किए बिना सभी शादीशुदा महिलाएं इस खास पर्व पर दुल्हन की तरह दिखने की कोशिश करती हैं। मेहंदी, सिंदूर, कांच की चूड़ियां, बिंदी सुहागनों के लिए विशेष महत्त्व रखते हैं और करवा चौथ जैसे त्योहार का हिस्सा हैं।
चेहरे के निखार के लिए
घर पर मास्क तैयार किया जा सकता है। इसके लिए दो चम्मच गेहूं का चोकर, एक चम्मच बादाम, दही, शहद और गुलाब जल को मिलाएं। इन्हें अच्छे से मिलाकर एक पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर एक जैसा अप्लाई करें। ध्यान रहे इस पेस्ट को होंठ और आंखों के आसपास के क्षेत्र पर लगाने से बचना है। पेस्ट को 20 मिनट तक लगा रहने दें और उसके बाद इसे पानी से धो लें।
‘क्विक फिक्स’ पैक के लिए
अंडे के सफेद भाग में शहद मिलाएं और इसे चेहरे पर लगाएं। 20 मिनट के बाद पानी से धो लें। यह पैक चेहरे को मुलायम और ग्लोइंग बनाने में मदद करता है।
सुस्त और थकी हुई आंखों के लिए
रूई को गुलाब जल में डुबोएं और बंद पलकों पर आई पैड की तरह इस्तेमाल करें। जब तक मास्क सूखता है तब तक लेट जाएं और रिलेक्स करें। यह थकान को दूर करने और आंखों को चमकाने में मदद करता है। साथ ही गुलाब की खुशबू का दिमाग पर शांत प्रभाव पड़ता है।
बालों के लिए
एक अंडे के साथ एक चम्मच नींबू का रस और शहद मिलाएं। इन्हें एक साथ अच्छे से फेंट लें। स्कल्प में हल्के से इस मिश्रण की मालिश करें। फिर बालों को धोने से पहले बीस मिनट के लिए गर्म तौलिये में लपेट लें। इस प्रक्रिया से बाल चमकदार दिखेंगे।
तैलीय बालों के लिए
शैम्पू के बाद बालों को धो लें। चाय के पानी और नींबू से बालों को धोने पर चमक मिलेगी। उबली हुई चाय की पत्तियों को फिर से पर्याप्त पानी में उबालें। उबलने के बाद, आपके पास लगभग 5 से 6 कप चाय-पानी होना चाहिए। इसे ठंडा कर लें। फिर एक नींबू का रस निचोड़ लें और शैम्पू के बाद इससे आखिर में बालों को धो लें।
मेहंदी के रंग
हाथों पर अपने पिया के नाम की मेहंदी लगाना तो करवा चौथ का विशेष हिस्सा है। करवा चौथ के एक दिन पहले मैनीक्योर और पेडीक्योर करवाएं और फिर मेहंदी लगवाएं। इसे एक या दो घंटे के लिए लगे रहने दें। समय-समय पर नींबू के रस और चीनी का मिश्रण लगाएं। जितनी देर तक मेहंदी का पेस्ट हाथों पर लगा रहता है, रंग उतना ही गहरा होता है। मेहंदी के पेस्ट को खुरच कर हटा देना चाहिए। खुरच कर निकालने के बाद इस पर तेल लगाएं। अच्छे कलर के लिए कुछ घंटों बाद भी साबुन और पानी से हाथ धोने से बचें।
मेकअप
मेकअप करने से पहले त्वचा को साफ करें और एक लिक्विड मॉइश्चराइज़र अप्लाई करें। तैलीय त्वचा के लिए एस्ट्रिन्जेंट लोशन अप्लाई करें। फिर फाउंडेशन लगाएं। गोल्ड फाउंडेशन लगाएं। फाउंडेशन से चेहरे पर डॉट बनाएं और एक मोइस्ट स्पंज से ब्लेंड करें। फाउंडेशन को सेट करने के लिए हल्के से गोल्डन टिंटेड पाउडर डस्ट करें। ब्लशर के साथ गालों को हाइलाइट करें, अच्छी तरह से ब्लेंड करें ताकि यह चेहरे को एक प्राकृतिक चमक दे सके। आंखों के लिए, पहले आईलिड के ऊपर लाइट शेडो और आंखों के क्रीज़ में डार्क शेडो अप्लाई करें। आईलिड पर हल्का ग्रे ग्लैमरस लगेगा।
होंठों के लिए ग्लॉस काफी लोकप्रिय है। रेड शेड्स चूज़ करें। अपने लिपस्टिक की तरह ही लिप लाइनर का इस्तेमाल करें। कलर के टॉप पर ग्लॉस अप्लाई करें। यदि आप ब्राइट रेड का यूज़ नहीं करना चाहते हैं तो ब्रिक रेड, चेरी या डार्क पिंक जैसे शेड्स चुन सकते हैं।
करवा चौथ के लिए बिंदी का चयन मेकअप का एक खास हिस्सा है। अपने ड्रेस के रंग से मेल खाने वाली एक डेकोरेटिव बिंदी चुनें। छोटे चमकीले स्टोन्स से जड़ी बिंदी आकर्षक लगेगी।
यह भी पढ़ें –25 बेस्ट स्किन केयर प्रोडक्ट्स एंड टूल्स, खरीदते समय कुछ बातों का रखें ध्यान
आपको हमारे ब्यूटी टिप्स कैसे लगे? अपनी प्रतिक्रियाएं हमें जरूर भेजें। ब्यूटी-मेकअप से जुड़े टिप्स भी आप हमें ई-मेल कर सकते हैं-editor@grehlakshmi.com
