मेकअप किट लगभग हर महिला के लिए बहुत खास और जरूरी होती है। दिन के अंत में अपनी त्वचा को साफ और स्वस्थ रखने के लिए मेकअप को हटाना बहुत महत्वपूर्ण होता है। त्वचा का नियमित देखभाल के अलावा, अपने मेकअप किट को साफ और स्वच्छ रखना जरूरी है। डेड स्किन सेल्स, किसी तरह की गंदगी, तेल और बैक्टीरिया आपके फाउंडेशन स्पंज, मेकअप ब्रश और यहां तक कि लिपस्टिक में भी जमा हो सकते हैं। अगर आप ऐसे गंदे और अस्वच्छ उत्पादों का इस्तेमाल चेहरे पर करेंगे तो इससे त्वचा संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती है। ऐसे उत्पादों के इस्तेमाल से त्वचा में जलन, लालिमा, चकत्ते, रैशेज, ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स और मुंहासे की परेशानी खड़ी हो सकती है। ऐसे दूषित कॉस्मेटिक्स और मेकअप टूल्स से कंजक्टिवाइटिस, फंगस इंफेक्शन जैसे रोग हो सकते हैं। इसलिए हर 15 दिन में मेकअप किट को कीटाणुरहित करना चाहिए। ब्रश, ब्लेंडिंग स्पंज को सप्ताह में एक बार अवश्य धोया जाना चाहिए। मेटल या प्लास्टिक टूल्स को भी सप्ताह में एक बार कीटाणुरहित करने चाहिए।
जानिए किन तरीकों से आप अपनी मेकअप किट को सैनिटाइज कर सकते हैं।
मेकअप ब्रश
अपने मेकअप ब्रश को साफ और फाउंडेशन और आई शैडो के कणों से मुक्त करें। तुरंत सफाई के लिए ब्रश क्लीन्जर या पेपर टॉवल का उपयोग कर सकते हैं। ब्रिसल्स के भीतर अतिरिक्त मेकअप को हटाने के लिए, मेकअप ब्रश को ठंडे या गुनगुने पानी और ब्रश क्लीनर से धोएं। अपनी हथेली में ब्रश को घुमाते हुए उन्हें धोएं ताकि किसी तरह की कोई गंदगी उसके अंदर न रह जाए। तब तक धोएं जब तक वे साफ न दिखें। धोने के बाद उन्हें पूरी तरह सूखने के लिए हवा में रख दें।
मेकअप स्पंज
मेकअप टूल्स जैसे ब्लेंडिंग स्पंज या फेशियल क्लिंजिंग ब्रश को हर इस्तेमाल के बाद सूखने के लिए छोड़ देना चाहिए, वरना उनके अंदर फफूंद लग जाएगी। मेकअप स्पंज की सफाई के लिए पहले उसे बहते हुए पानी में निचोड़ें जब तक कि पूरी तरह गीला न हो जाए। अब उसमें क्लिंजिंग लिक्विड डालें या साबुन की टिकिया से रगड़ें। उसे अच्छे से हथेली से दबाते रहें। उसके बाद निचोड़ें और पानी से तब तक धोएं जब तक कि पूरी तरह साफ न हो जाए। अब उसे हवा में सूखने के लिए रख दें।
लिक्विड या क्रीम फाउंडेशन
वे सामान जो कि तकनीकी रूप से साफ नहीं कर सकते हैं, उसका हाइजीन बनाए रखने के लिए पहला ख्याल यह रखें कि उसमें अपनी अंगुलियां न डुबोएं। ऐसे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने के लिए एक साफ कॉटन बड, स्पंज या स्पैटुला लें।
लिपस्टिक और कंसीलर
ऐसे प्रोडक्ट्स की पतली सी लेयर को कॉटन बड से हटाएं। उसके बाद उस जगह को आइसोप्रोपिल अल्कोहल का स्प्रे कर सैनिटाइज करें। इसे पोंछे या सूखने के लिए छोड़ दें। लिपस्टिक और कंसीलर को सप्ताह में एक बार सैनिटाइज करना अच्छा है।
पेंसिल्स
हर इस्तेमाल से पहले अपने आईलाइनर और लिपलाइनर पेंसिल को शॉर्प करें।
पाउडर
आईशेडो, ब्लश, ब्रोंजर जैसे पाउडर मेकअप प्रोडक्ट्स में धूल या तेल जम सकता है। बटर नाइफ का इस्तेमाल कर इसकी पतली लेयर निकाल लें और थोड़ा अल्कोहल स्प्रे कर सूखने के लिए छोड़ दें।
यह भी पढ़ें :
इन 4 तरीकों से इस्तेमाल करेंगे आइस क्यूब्स तो ऐसे निखरेगी त्वचा
