मेकअप कई कॉस्मेटिक प्रोडक्ट का बेहतरीन सामंजस्य समझ कर सुंदरता को नए आयाम देने की कला है। इस कला में लिपस्टिक अपना रोल निभाती है तो काजल भी। फ़ाउंडेशन कमाल करता है तो ब्लश ऑन भी। इन्हीं के बीच मेकअप को बिलकुल ही अलग रूप देने का काम करता है आई शैडो। इसी आई शैडो से साधारण मेकअप भी हो सकता है तो थीम बेस्ड भी। आंखें सतरंगी भी दिखती हैं तो मटेलिक भी। मगर इनके साथ आंखें कैसी दिखेंगी, ये इस बात पर भी निर्भर करेगा कि आपने अपने हिसाब से इनका चुनाव किया है या नहीं। इनको चुनते समय आपने एक्सपर्ट टिप्स के बारे में सोचा है या नहीं। दरअसल आई शैडो बस अपनी पसंद के हिसाब से खरीद लेना सही नहीं रहता है, इसके लिए आपको कुछ बातों का ध्यान तो रखना ही होगा। क्योंकि जरूरी नहीं जो रंग किसी हीरोइन पर अच्छा लगे वो आप पर भी फबे ही। ऐसे में कैसे करें आई शैडो का चुनाव आइए जानें-
कलर नहीं टेक्सचर भी-
अपने पसंद का आई शैडो पैलेट चुनने से पहले ध्यान रखिए कि आपको सिर्फ कलर नहीं टेक्सचर का भी ध्यान रखना होगा। क्योंकि टेक्सचर में भी इस वक्त ढेरों विकल्प हैं, जैसे मेट, मटेलिक, शिमर, शाइनी और मिनरल। इनमें मेट की खासियत ये होती है कि लॉन्ग लास्टिंग होता है। साथ ही ये ऑइली स्किन वालों के लिए भी बेस्ट होता है। इसके बाद अगर बात मिनरल की करें तो ये पूरी तरह से नेचुरल मिनरल तत्वों से बना होता है। ये सेंसिटिव या एलर्जी वाली स्किन के लिए बेस्ट होता है क्योंकि इनके साइड एफेक्ट नहीं होंगे। फिर क्रीम आईशैडो ड्राई स्किन के लिए अच्छे होते हैं और लंबे समय तक आंखों पर रहते हैं। 
आंखों का रंग और आई शैडो-
जैसे मेकअप चुनते हुए हम स्किन के रंग का ध्यान रखते हैं, ठीक वैसे ही आई शैडो के लिए आंखों के रंग पर ध्यान दिया जाता है। इसके नियम कुछ इस तरह हैं-
भूरी या काली आंखें- देखिए भूरा और काला सबसे कॉमन रंग होता है आंखों का। ऐसी आंखों पर बरगंडी जैसे रिच ज्वेल टोन रंग ज्यादा अच्छे लगते हैं। अगर आपको ज्यादा न्यूट्रल रंगों को चुनना है तो आपको ब्राउन के पैलेट को चुनना होगा। थोड़ा ड्रमैटिक लुक चाहिए तो आपको रिच नेवी या मिडनाइट ब्लू जैसे रंग चुन लेने होंगे। 
हरी आंखें-मस्टर्ड और पीच कलर ऐसी आंखों पर अच्छा लगता है। इन रंगों को अगर चॉकलेट शैडो के साथ मिला दिया जाए तो थोड़ा मॉडर्न लुक मिल जाता है। इन पर हाईलाइट करनी हो तो गोल्ड का चुनाव सही रहेगा। 
नीली आंखें- इन पर आपको बैंगनी और लेवेंडर रंगों को चुनना चाहिए। 
जो सबके साथ चले-
अगर आपको एक ऐसे आई शैडो पैलेट की जरूरत है तो आपको न्यूड आई पैलेट को चुनना चाहिए। जिन लोगों ने हाल ही में मेकअप की शुरुआत की है उनके लिए तो ऐसे रंगों का इस्तेमाल सही रहता है। 

यह भी पढ़ें –शादी से पहले दुल्हन के लिए हैं ये खास ब्यूटी टिप्स

आपको हमारे ब्यूटी टिप्स कैसे लगे? अपनी प्रतिक्रियाएं हमें जरूर भेजें। ब्यूटी-मेकअप से जुड़े टिप्स भी आप हमें ई-मेल कर सकते हैं-editor@grehlakshmi.com