कंसीलर लगाते हुए क्या-क्या करना है सब बताते हैं लेकिन क्या नहीं करना है कितनों को पता होता है। बड़ी से बड़ी मेकअप फ्रीक लड़कियों को भी ये बात नहीं पता होती है कि कंसीलर लगाते हुए भी कुछ गलतियां हो सकती हैं। इन गलतियों से बच कर ही कंसीलर का बेहतरीन इफेक्ट मिल सकता है। तब ही आपका मेकअप पेरफेक्ट हो सकता है। आप अपने लुक को लेकर अगर थोड़ी भी संजीदा हैं तो मेकअप के दौरान खासतौर पर कंसीलर को लेकर की जाने वाली गलतियों को पहचान लीजिए ताकि आप भी अपनी ब्यूटी को अच्छी तरह निखार सकें। चलिए फिर कंसीलर से जुड़ी गलतियां पहचान लें-

स्किन हो तैयार

स्किन को तैयार करने से मतलब है कि आपकी त्वचा अच्छे से मॉइश्चराइज है या नहीं। वो हेल्थी है या नहीं। इसके लिए आपको सुबह और शाम दोनों समय अपनी त्वचा को मॉइश्चराइज करना ही होगा। अगर चाहती हैं कि चेहरे की खामियों को छुपा देने वाला कंसीलर अच्छे से काम करे तो इसके लिए आपको ये टिप्स ध्यान रखनी ही होगी। दरअसल जब आप त्वचा का ख्याल रखेंगी तो उसमें झुर्रियां कम पड़ेंगी और कंसीलर अपना काम बेहतर तरीके से कर पाएगा। उसमें फोल्ड्स नहीं पड़ेंगे। 

 

गलत रंग तो नहीं

आप जो कंसीलर इस्तेमाल कर रही हैं, उसका रंग आपके लिए मुफीद है या नहीं, आपको ये भी देखना होगा। दरअसल ये आमतौर पर की जाने वाली सबसे बड़ी गलती है। ज्यादातर लड़कियां कंसीलर के इस्तेमाल में रंग गलत चुन लेती हैं। उनके कंसीलर का शेड ही गड़बड़ होता है। इसके लिए बस एक नियम अपनाइए, वो कलर खरीदिए, जो आपकी त्वचा से सबसे ज्यादा मैच कर रहा हो। 

 

लगाने का सही समय है ये

कंसीलर को लगाने का अपना एक खास समय होता है। इसको कभी भी यूंहीं नहीं लगाया जा सकता है। इसको आई मेकअप के पहले लगा लें। जैसे आई शैडो, मस्कारा और आई लाइनर। इसके अलावा भी एक नियम है। इसके लिए आपको फाउंडेशन या बीबी क्रीम भी कंसीलर से पहले लगानी होती हैं। दरअसल कंसीलर को कुछ खास जगह ही लगाना होता है। इसको फाउंडेशन के साथ मिला देने से कंसीलर का असर कम हो जाता है। 

 

उंगलियों से कंसीलर

कई लोग कंसीलर को उंगलियों से लगाना पसंद करते हैं। जबकि ये बिलकुल ही गलत तरीका है। आंखों के नीचे का एरिया काफी सेंसिटिव होता है, इस पर हाथों से कंसीलर लगाना सही निर्णय बिलकुल नहीं होता है। इस तरह आप कंसीलर खराब भी खूब करती हैं। दरअसल इस तरह से कंसीलर हाथों की उंगलियों में ऑब्जर्ब हो जाता है। इसके लिए फ्लैट ब्रश और स्पंज का इस्तेमाल किया जा सकता है। शेडिंग थोड़ी ठीक करने के लिए जरूर उंगलियां आपकी मदद कर सकती हैं। 

 

ये भी पढ़ें-  Husband Control Tips:ममाज़ बॉय है हसबैंड,तो इन6तरीकों से उन्हें करें हैंडल