Celebrities Glow
Celebrities Glow

Celebrities Glow: आमतौर पर महिलाएं समझती हैं कि बॉलीवुड एक्ट्रेस की खूबसूरती की असली वजह उनका मेकअप होता है, जबकि ऐसा नहीं है। यकीनन उन्हें पार्टीज से लेकर रैंप पर और मूवीज कैरेक्टर के अनुसार मेकअप करना होता है। लेकिन वह आमतौर पर मेकअप को अधिक लंबे समय तक अपने फेस पर अप्लाई करती हैं और उनके चेहरे पर लगातार लाइटिंग पड़ती रहती हैं तो ऐसे में उन्हें अपनी स्किन का अधिक ध्यान रखना होता है। खुद आलिया भी एक इंटरव्यू में यह बात बता चुकी हैं कि लगातार लाइटिंग में काम करने से स्किन पर कम उम्र में ही रिंकल्स आदि आ सकते हैं। इसके अलावा, बॉलीवुड सेलेब्स की नींद का कोई भी रूटीन सेट नहीं होता। ऐसे में वह अगर अपने स्किन केयर रूटीन को लेकर कोताही बरतती हैं तो इससे उन्हें काफी नुकसान हो सकता हैं।

हालांकि, बॉलीवुड सेलेब्स अपनी स्किन को नेचुरली ब्यूटीफुल बनाए रखने के लिए सिर्फ फैंसी स्किन केयर प्रॉडक्ट का ही इस्तेमाल नहीं करतीं, बल्कि वह कई तरह की होम रेमिडीज को भी अप्लाई करती हैं। इसके अलावा, वह स्किन हाइड्रेशन के लिए मास्क शीट आदि का भी इस्तेमाल करती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ पॉपुलर बॉलीवुड सेलेब्स के ब्यूटी सीक्रेट्स शेयर कर रहे हैं-

प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा होम रेमिडीज पर काफी भरोसा करती हैं और वह अपने होठों को एक्सफोलिएट करने के लिए होममेड लिप स्क्रब का इस्तेमाल करती हैं, जिससे घर पर ही जल्दी से चमकदार होठों को पाया जा सकता है। अपने होठों की अतिरिक्त देखभाल के लिए वह सी-सॉल्ट लिप स्क्रब बनाती हैं। इसके लिए, 2 चम्मच सी-सॉल्ट में 1 चम्मच शुद्ध वेजिटेबल ग्लिसरीन और 1 चम्मच गुलाब जल मिलाएं। अपनी उंगली की मदद से इसे मिलाएं और धीरे से अपने होंठों को एक्सफोलिएट करें।

ऐश्वर्या राय बच्चन

वहीं ऐश्वर्या भी कॉस्मेटिक प्रोसेस की जगह नेचुरल रेमिडीज को अधिक प्राथमिकता देती है। वह अपने चेहरे पर खीरे के मास्क का इस्तेमाल करती हैं। यह फेस मास्क उनकी त्वचा को तरोताजा और फिर से जीवंत करता है। इसके अलावा, वह अक्सर दही का उपयोग करती हैं जिसमें उत्कृष्ट मॉइस्चराइजिंग प्रभाव होते हैं। वहीं, अपनी स्किन को एक्सफोलिएट करने और चेहरे से मृत त्वचा कोशिकाओं और गंदगी को धीरे से निकालने के लिए बेसन, दूध और हल्दी के मिश्रण का उपयोग करती है। यह पैक उनकी स्किन को अधिक चमकदार बनाता है।

राधिका मदान

राधिका मदान अपनी स्किन का ख्याल रखने के लिए अक्सर घर का बना एक फेस पैक लगाती हैं। इसे बनाने के लिए एक कांच का कटोरा लें और उसमें 1 बड़ा चम्मच बेसन, 1 चम्मच हल्दी पाउडर, 2 चम्मच बादाम का आटा और 1 बड़ा चम्मच केसर वाला दूध मिलाएं। इस पैक को अपने पूरे चेहरे के साथ-साथ गर्दन पर भी लगाएं और 15 मिनट के लिए ऐसे ही रहने दें। इसके बाद स्किन को क्लीन करके क्रीम/जेल-आधारित मॉइस्चराइजर लगाएं।

दीपिका पादुकोण

दीपिका पादुकोण अपने बिजी शेड्यूल में खुद को स्ट्रेस फ्री रखने के लिए नियमित रूप से पूरे शरीर की मालिश करती हैं। वह अक्सर स्पा विज़िट करती हैं, जहां वह स्टीम बाथ से लेकर बॉडी मसाज आदि करना पसंद करती हैं। इतना ही नहीं, घर पर भी वह अपने शरीर को रिलैक्स करने के लिए हर हफ्ते नारियल के तेल से बॉडी मसाज लेना पसंद करती हैं। इसके अलावा, अपने फेस में ब्लड सर्कुलेशन और ग्लो को बनाए रखने के लिए वह फेस पर भी जेड रोलर की मदद से मसाज करती हैं।

करीना कपूर

करीना कपूर ने एक बार इंटरव्यू में अपने ब्यूटी सीक्रेट के बारे में बताया है, जिसके अनुसार उनके स्किनकेयर रूटीन में बादाम के तेल का उपयोग शामिल है। उन्होंने यह स्किनकेयर टिप अपनी मां और दादी से सीखी है। वह अपने चेहरे के साथ-साथ स्कैल्प की मालिश करने के लिए बादाम के तेल का उपयोग करती हैं। बादाम का तेल विटामिन ई का एक समृद्ध स्रोत है और स्किन रिजेनरेशन को बढ़ावा देता है। करीना बादाम के तेल को दही के साथ मिलाकर एक अतिरिक्त पौष्टिक और मॉइस्चराइजिंग फेस पैक के रूप में उपयोग करती हैं।

माधुरी दीक्षित

माधुरी दीक्षित को एक्सरसाइज के जरिए पूरी बॉडी के ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने में मदद मिलती है, जिससे उनके चेहरे पर ग्लो आता है। इसके अलावा, अपनी ब्यूटी के लिए वह एक सीटीएम रूटीन को फॉलो करती हैं। दिन में वह दो बार स्किन को क्लीन करती हैं। इसके अलावा स्किन की टोनिंग और मॉइस्चराइज करती हैं। साथ ही साथ सीरम भी अप्लाई करती हैं। इसके अलावा, रात को सोने से पहले नाइट क्रीम भी लगाती हैं। वहीं, एक एसपीएफ को अपने बैग में अवश्य रखती हैं। वहीं, अपनी सिकन का ख्याल रखने के लिए वह अपने चेहरे पर अक्सर शहद भी लगाती हैं।

सोनाक्षी सिन्हा

सोनाक्षी सिन्हा का ब्यूटी सीक्रेट बेहद सिंपल है और उसे कोई भी आसानी से फॉलो कर सकता है। सोनाक्षी ने अपने ग्लोइंग फेस का सीक्रेट अपनी मां से सीखा है। वह अपने स्किन केयर रूटीन में एलोवेरा को जगह अवश्य देती हैं। एलोवेरा के नियमित उपयोग से काले धब्बे से छुटकारा मिलता है, यह एक्ने को रोकता है, त्वचा को मॉइस्चराइज़ करता है। साथ ही साथ त्वचा के पीएच को भी संतुलित करता है। आप एलोवेरा का इस्तेमाल या तो सीधे पौधे से कर सकते हैं या फिर बाजार से एलोवेरा जेल खरीद सकते हैं। जेल को अपने चेहरे पर लगाएं और इसे लगभग 20 मिनट तक लगा रहने दें। प्रभावी परिणामों के लिए दिन में दो बार इसे अप्लाई करें। 

यह भी पढ़ें –  Beauty Corner: पतले बालों ने कर दिया है परेशान, क्या करूं?

ब्यूटी सम्बन्धी यह आलेख आपको कैसा लगा?  अपनी प्रतिक्रियाएं जरूर भेजें। प्रतिक्रियाओं के साथ ही  ब्यूटी से जुड़े सुझाव व लेख भी हमें ई-मेल करें-editor@grehlakshmi.com