होम ब्यूटी सर्विस ले रही हैं तो रखें इन बातों का ध्यान
अगर हम पहले से ही थोड़ी जाँच पड़ताल कर लें तो होम ब्यूटी सर्विस को आरामदायक बनाया जा सकता हैI इसलिए जब भी आप घर पर ब्यूटी सर्विस लें तो कुछ बातों का खासतौर पर ध्यान रखें ताकि बाद में आपको पछताना ना पड़ेI
Home Beauty Service: हममें से अधिकांश लड़कियां जब भी पार्लर जाती हैं, तो अपनी पसंद की ब्यूटीशियन से ही सर्विस लेना पसंद करती हैंI उन्हें पता होता है कि उनकी सर्विस काफी अच्छी हैI लेकिन आज होम ब्यूटी सर्विस का चलन भी जोरों पर है, ऐसे में हम जब घर पर सर्विस के लिए बुलाते हैं तो हमें समझ नहीं आता कि उनकी सर्विस कैसी होगीI अन्दर ही अन्दर डरते रहते हैं कि ब्यूटीशियन कहीं सर्विस में कुछ गलत ना कर देI लेकिन अगर हम पहले से ही थोड़ी जाँच पड़ताल कर लें तो होम ब्यूटी सर्विस को आरामदायक बनाया जा सकता हैI इसलिए जब भी आप घर पर ब्यूटी सर्विस लें तो कुछ बातों का खासतौर पर ध्यान रखें ताकि बाद में आपको पछताना ना पड़ेI
सिंगल टाइम यूज़ सामान का इस्तेमाल करवाएं

जब आप घर पर ब्यूटी सर्विस ले रही हैं तो साफ-सफाई का भी विशेष रूप से ध्यान रखेंI इसके लिए आप बुकिंग के समय ही बता दें ताकि ब्यूटीशियन अपने साथ सिंगल टाइम यूज वाली चीजें लेकर आए ताकि बाद में आपको किसी तरह की कोई परेशानी ना होI साथ ही ये भी ध्यान रखें कि आपके सामने ही सील को खोला जाएI
ब्रांडेड प्रोडक्ट का ही इस्तेमाल करें

घर पर सर्विस ले रही हैं तो पहले ही बता दें कि आपको कौन सा प्रोडक्ट इस्तेमाल करना है ताकि आपकी सर्विस अच्छे से हो सकेI कभी भी थोड़े से पैसे बचाने के लिए सस्ते प्रोडक्ट का चुनाव ना करें, क्योंकि इससे आपकी त्वचा को नुकसान भी हो सकता हैI
ऑनलाइन बुकिंग से बुला रहीं हैं तो रेटिंग चेक करें

जब आप किसी ब्यूटीशियन को घर पर सर्विस के लिए बुला रही हैं तो सबसे पहले ये जरूर ध्यान रखें कि आप किस साइट से बुकिंग कर रही हैंI साथ ही उसकी रेटिंग क्या है जरूर चेक करेंI ये भी देखें कि लोगों ने उनकी सर्विस से संबंधित क्या रिव्यु दिया हैI सभी चीजों को अच्छे से चेक करने के बाद ही बुकिंग करेंI कोशिश करें कि आपके जान पहचान में से किसी ने जिस साइट से सर्विस ली हो आप भी उसी से लेंI
घर में सेटअप जरूर तैयार करें

भलें ही आप घर पर सर्विस ले रही हैं लेकिन इसके लिए घर में एक सेटअप जरूर तैयार करें ताकि ब्यूटीशियन को भी परेशानी ना होI कई बार ये समस्या आती है कि घर पर सर्विस देने आने पर ब्यूटीशियन को समझ नहीं आता कि वे कैसे आपको आरामदायक सर्विस देंI उनके आने के बाद चीजों को अरेंज करने में काफी समय चला जाता है, इसलिए आप छोटी छोटी चीजें अरेंज करके रखें, ताकि आपका भी समय बचेI
सिंगल सर्विस के बजाए पैकेज चुनें

अगर आप घर पर सर्विस ले रही हैं तो कोशिश करें कि पैकेज का चुनाव करें, ताकि आपको होम सर्विस महंगा ना पड़ेI अगर आप सिंगल सर्विस लेंगी, तो आपको ये काफी महंगा पड़ेगाI इसलिए जब आपको आराम से ब्यूटी सर्विस लेना हो तभी घर पर बुलाएँI
