सर्दी के मौसम में जहां त्वचा अपनी रौनक खोने लगती है, वहीं महिलाएं इसकी देखभाल भी भलीभांति नहीं करती, जिसका परिणाम यह होता है कि त्वचा रूखी व बेजान हो जाती है। त्वचा की नमी और चमक को बरकरार रखने के लिए जरूरी है कि इस मौसम में त्वचा के अनुरूप फेस पैक का इस्तेमाल करें, ताकि त्वचा अपनी खूबसूरती खोने ना पाए।
त्वचा के अनुरूप फेस पैक
शुष्क त्वचा-
-दो बड़े चम्मच लाल चंदन पाउडर में 1 बड़ा चम्मच शहद मिला लें और पैक बना लें। इस पैक को चेहरे व गर्दन में लगाएं। सूखने पर थोड़ी देर में धो लें। इस फेसपैक का इस्तेमाल करने से त्वचा चमक जाती है।
-एक केले को छीलकर मैश कर लें, फिर उसमें एक-दो बूंद ऑलिव ऑइल, रोज वॉटर और एक छोटा चम्मच बटर डालें। फिर इसे अच्छे से मैश करके पैक बनाएं और चेहरे व गर्दन पर लगाएं। सूख जाने पर हल्के गुनगुनाने पानी से धो लें।
– दो बड़े चम्मच मुल्तानी मिट्टी में दो बड़े चम्मच रोज वॉटर और एक बड़ा चम्मच चंदन पाउडर मिलाकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इस पैक को चेहरे और गर्दन पर लगाएं और 10-15 मिनट तक लगा रहने दें। जब सूख जाएं तो हल्के गर्म पानी में कॉटन भिगोकर पैक हटाएं।
– दो बड़े चम्मच बेसन, दो बड़े चम्मच लेमन जूस और एक छोटा चम्मच दही मिलाकर पैक बनाएं और चेहरे व गर्दन पर लगाकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर ठंडे पानी से चेहरा धो लें।
तैलीय त्वचा
– संतरे के पाउडर में एक बड़ा चम्मच शहद और एक बड़ा चम्मच रोज वॉटर मिलाकर पेस्ट बना लें। पैक को चेहरे व गर्दन पर लगाएं और सूखने पर धो लें।
– दो बड़े चम्मच कसी हुई गाजर में एक बड़ा चम्मच शहद मिलाकर मोटा पैक बना लें और इसे गर्दन व चेहरे पर लगाएं। 10 मिनट बाद गुनगुने पानी से
धो लें।
-चार बड़े चम्मच दही में चने की दाल दो बड़े चम्मच और एक बड़ा चम्मच शहद मिला कर गाढ़ा पेस्ट तैयार करके चेहरे व गर्दन पर लगाएं। सूखने पर गीली कॉटन से साफ कर लें।
-दो चम्मच आलू के गूदे में चुटकी भर हल्दी और एक छोटा चम्मच चंदन पाउडर और एक बड़ा चम्मच रोज वॉटर मिलाएं और पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट को चेहरे और गर्दन पर लगाएं और सूखने पर धो लें।
सामान्य त्वचा
-दो बड़े चम्मच चावल का पाउडर लें। उसमें एक बड़ा चम्मच चाय की पत्ती का पानी और एक छोटा चम्मच शहद मिलाएं और अच्छे से मैश करें। फिर इसे चेहरे व गर्दन पर लगाएं। सूखने पर सादे पानी से धो लें।
-पके हुए दो बड़े चम्मच ओटमील में एक-एक चम्मच टमाटर का रस व दही डालें और मिलाएं। अब पैक को चेहरे और गर्दन पर लगाएं। थोड़ी देर बाद धो लें।
-रात में आठ-दस बादाम को पानी में भिगो दें। सुबह इसका पेस्ट बना लें इस पेस्ट में थोड़ा सा मक्खन और आवश्यकतानुसार दूध मिला कर पेस्ट बना लें और चेहरे व गर्दन पर लगाएं। सूख जाने पर पानी से साफ कर लें।
-एक रोटी के छोटे-छोटे टुकड़े कर लें फिर इसे आधी कटोरी मलाई में डाल दें और दो मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि रोटी मुलायम हो जाए। जब रोटी मुलायम हो जाए तो इसे अच्छे से मैश कर लें और चेहरे व गर्दन पर 15 मिनट तक लगाएं फिर साफ कर लें।
संवेदनशील त्वचा
-थोड़े से सूरजमुखी के बीज को रात भर दूध में भिगो दें। सुबह इसमें थोड़ा सा केसर डालकर पीसकर पैक बना लें ओर चेहरे पर लगाएं। सूखने पर धों लें।
-ताजा मोंगरे के फूल को मैश कर लें फिर इसमें दो बड़े चम्मच दही और एक बड़ा चम्मच चीनी मिलाकर पैक बनाएं और चेहरे व गर्दन पर 15 मिनट लगाएं और फिर धो दें।
-छह स्ट्राबेरी को मैश कर लें, फिर इसमें दो बड़े चम्मच रोज वॉटर मिलाकर पेस्ट तैयार करे। इस पैक को चेहरे व गर्दन पर 15 मिनट लगा रहने दें फिर धो दें।
-एक अंडे की जर्दी में एक छोटा चम्मच शहद आधा चम्मच ऑलिव ऑयल और रोज वॉटर की कुछ बूंदे डालकर अच्छे से मिला लें। फिर इसे चेहरे व गर्दन पर लगाएं।
मिलीजुली त्वचा
-एक बड़ा चम्मच पनीर में, खीरे कर रस और एलोवेरा जैल एक छोटा चम्मच डालकर अच्छे से मैश कर लें। फिर इस पैक को 15 मिनट तक लगा रहने दें। सूखने पर ठंडे पानी से धो लें।
– दो बड़े चम्मच कसी हुई गाजर में डेढ़ बड़ा चम्मच शहद और आधा चम्मच दूध डालकर पैक बनाएं और चेहरे व गर्दन पर लगाएं। सूखने पर हल्के गुनगुने पानी से धो लें।
– तीन या चार हरे अंगूर और एक कीवी को काटकर आपस में मैश कर लें और चेहरे व गर्दन पर लगाएं। 20 मिनट तक लगा रहने दें, फिर पानी से साफ कर लें।
– आधी छोटी कटोरी ब्लूबेरी, वॉटर मेलन और स्ट्राबेरी के गूदे में एक बड़ा चम्मच ओट्स मिलाकर पेस्ट बना लें। फिर इसे चेहरे व गर्दन पर लगाएं। जब सूख जाए तो ठंडे पानी से धो लें।
