देशव्यापी लॉकडाउन के चलते हर कोई इस समय अपने घरों में है और हर रोज़ साफ-सफाई में व्यस्त है। हालांकि, कई दिनों में घर में रहते हुए काम करते रहने से कभी-कभी आपका मन बोझिल हो जाता होगा लेकिन आज हम आपको एक ऐसी बात बताने जा रहे हैं जिसे पढ़कर शायद आप विश्वास नहीं करेंगे। दरअसल, कई विशेषज्ञ यह मानते हैं कि अगर घर में हर दिन झाड़ू के साथ पोछा भी लगाया जाए तो संक्रमण का खतरा घटता है और सांस से जुड़ी बीमारियों से भी निजात मिलती है। साथ ही, सांस की भी कई तकलीफें दूर हो जाती हैं।
एरोबिक एक्सरसाइज है पोछा– 
अगर आप हर दिन एक्सरसाइज नहीं कर पा रहे हैं तो घर में आप खुद पोछा लगाने की आदत डालें, यह बेहतरीन एरोबिक एक्सरसाइज है जिसमें पूरे शरीर का व्यायाम हो जाता है। इसका सीधा फायदा फेफड़ों को होता है। एक घंटे तक अगर सफाई की जाए तो 150 से 250 कैलोरी भी बर्न की जा सकती है।
बिगड़ा मूड बनेगा–
एक रिसर्च के अनुसार, जो शख्स रोज़ाना सिर्फ 20 मिनट घर की साफ-सफाई करता है वह मानसिक रूप से हल्कापन महसूस करता है। साफ-सफाई करने से बार-बार मूड खराब होने जैसी समस्या भी नियंत्रित हो जाती है और वह शख्स अन्य लोगों के अपेक्षा ज़्यादा क्रियाशील होता है। 
 
 
सांस के मरीजों को लाभ–
हर दिन पोछा लगाने से घर में धूल के कण इकट्ठे नहीं होते, ये कण ही घर के अंदर की वायु अशुद्धता में भूमिका निभाते हैं। अगर घर में कोई सांस का मरीज है तो यह बहुत जरूरी हो जाता है कि रोज़ाना झाड़ू के साथ पोछा लगाएं। सफाई के दौरान पायेदान और कारपेट को भी अच्छी तरह झाड़ लें।