Ingredients
Method
स्टेप 1: सब्जियों को धोना और काटना
- सबसे पहले सहजन की फलियों को अच्छी तरह धो लें। फिर उनके किनारे हल्के छीलकर रेशे निकाल दें और 2–3 इंच के टुकड़ों में काट लें। इसी तरह प्याज, टमाटर, अदरक और लहसुन को भी मोटा-मोटा काट लें। इन्हें बहुत बारीक काटने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि बाद में इन्हें पीसना है।

स्टेप 2: सब्जियों को भूनना
- एक प्रेशर कुकर में मक्खन या घी गर्म करें। जब यह गरम हो जाए, तो उसमें अदरक और लहसुन डालकर कुछ सेकंड भूनें ताकि कच्ची महक चली जाए। अब प्याज डालें और उसे हल्का गुलाबी होने तक भूनें। प्याज को ज्यादा भूरा नहीं करना है, बस थोड़ा नरम करना है।

स्टेप 3: सहजन और टमाटर डालना
- जब प्याज नरम हो जाए, तब टमाटर और ड्रमस्टिक के टुकड़े डालें। स्वादानुसार नमक डालें और सब कुछ मिलाकर 2 मिनट तक चलाएँ ताकि सब्जियों का स्वाद एक-दूसरे में मिल जाए।

स्टेप 4: प्रेशर कुक करना
- अब 3 कप पानी डालें और सब कुछ अच्छे से मिलाएँ। कुकर बंद करें और मध्यम आंच पर 3 सीटी आने तक पकाएँ। गैस बंद करके प्रेशर अपने आप निकलने दें, जल्दी से न खोलें।

स्टेप 5: मिश्रण छानना
- कुकर का प्रेशर निकलने के बाद ढक्कन खोलें। अब एक बड़े बर्तन के ऊपर मोटी छन्नी रखें और कुकर का सारा मिश्रण छान लें। चम्मच से हल्के दबाकर सब्जियों का सारा रस निकालें। यह पानी फेंकना नहीं है यही सूप का स्टॉक है।

स्टेप 6: सहजन का गूदा निकालना
- जब सहजन के टुकड़े हल्के ठंडे हो जाएँ, तो एक-एक टुकड़ा लेकर चम्मच की मदद से अंदर का गूदा निकाल लें। छिलके फेंक दें और बाकी सब्जियों (प्याज, टमाटर) के साथ गूदा रख लें।

स्टेप 7: मिश्रण पीसना
- अब मिक्सर में ड्रमस्टिक का गूदा, प्याज-टमाटर का मिश्रण और थोड़ा हरा धनिया डालें। थोड़ा स्टॉक डालकर इसे एकदम मुलायम पेस्ट बना लें।

स्टेप 8: सूप को छानना और उबालना
- एक पैन में यह मिश्रण डालें और बारीक छन्नी से एक बार फिर छान लें ताकि रेशे निकल जाएँ। अब बचा हुआ स्टॉक भी मिला दें। अगर सूप गाढ़ा लगे तो थोड़ा गर्म पानी डालें। धीमी आँच पर 2-3 मिनट तक उबालें।

स्टेप 9: परोसना
- अब सूप में कुटी हुई काली मिर्च डालें और एक उबाल आने दें। गैस बंद करें। गरमागरम पौष्टिक ड्रमस्टिक सूप तैयार है! ऊपर से हरा धनिया डालकर परोसें।

Notes
कुछ अतिरिक्त टिप्स
- सहजन सूप बनाते समय हमेशा ताजी और हरी फलियाँ ही इस्तेमाल करें। पुरानी या सूखी सहजन सूप का स्वाद बिगाड़ सकती है।
- सहजन काटने के बाद उसके किनारे हल्के छीलने से रेशे निकल जाते हैं, जिससे सूप ज्यादा स्मूद और स्वादिष्ट बनता है।
- अगर आप हल्का स्वाद पसंद करते हैं तो प्याज और टमाटर कम डालें, और अगर गाढ़ा और फ्लेवरफुल सूप चाहते हैं तो इनकी मात्रा थोड़ी बढ़ा दें।
- सूप को प्रेशर कुक करते समय ज़्यादा सीटी न लगाएं। तीन सीटी पर्याप्त हैं, वरना सब्जियाँ ज्यादा गलकर स्वाद खो सकती हैं।
- ड्रमस्टिक का गूदा ठंडा होने पर ही निकालें, वरना हाथ जल सकते हैं और गूदा ठीक से नहीं निकलेगा।
- अगर आप सूप को और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो इसमें उबला हुआ गाजर या थोड़ी मूंग दाल भी मिला सकते हैं।
- सूप को ज़्यादा देर तक उबालें नहीं। बस एक उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें ताकि इसके सारे पोषक तत्व बने रहें।
