Beauty Blender Cleaning Tips
Cleaning Tips of Beauty Blender

फ्लॉलेस मेकअप करने के लिए सही मेकअप टूल्स का होना भी बेहद जरूरी है। आईलाइनर ब्रश से लेकर Beauty Blender कुछ ऐसे टूल्स हैं, जो मेकअप के दौरान आपके बेहद काम आते हैं। वैसे अगर एक बेहद महत्वपूर्ण मेकअप टूल की बात हो तो उसमें सबसे पहला नाम ब्यूटी ब्लेंडर का लिया जाता है। मेकअप का बेस लगाने से लेकर कोंटूरिंग तक ब्यूटी ब्लेंडर की मदद ली जाती है।

चूंकि, यह एक ऐसा टूल है जिस पर कई तरह के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में इसे क्लीन करना भी उतना ही जरूरी होता है। आमतौर पर, ब्यूटी ब्लेंडर को इस्तेमाल से पहले हल्का गीला किया जाता है, लेकिन हर बार इस्तेमाल के बाद इसे क्लीन करने की सलाह दी जाती है। ऐसी भी कई महिलाएं हैं जिन्हें ब्यूटी ब्लेंडर को सही तरह से साफ करना नहीं आता और वह उसे सिर्फ पानी से धोकर रख देती हैं। ये वास्तव में सही तरीका नहीं है।

ब्यूटी ब्लेंडर को क्लीन करना क्यों जरूरी है?

Beauty Blender
Importance of Cleaning Blender

बहुत सी महिलाओं को ऐसा लगता है कि अगर उन्होंने पानी से ब्यूटी ब्लेंडर को साफ कर दिया तो वह क्लीन हो गया और इतना ही पर्याप्त है। जबकि ऐसा नहीं है। ब्यूटी ब्लेंडर को क्लीन करना कई वजहों से आवश्यक है-

  • सबसे पहले तो जब आप ब्यूटी ब्लेंडर को अच्छी तरह क्लीन नहीं करतीं तो उसमें आपका मेकअप प्रॉडक्ट बचा रह जाता है, जिसके कारण जब भी आप मेकअप करती हैं तो आपको वह स्मूद बेस और सही शेड नहीं मिल पाता जो आपको चाहिए होता है।
  • ब्यूटी ब्लेंडर को सही तरह से क्लीन ना करने और उसकी केयर ना करने से उसकी शेल्फ लाइफ कम हो जाती है। इससे वह उतना बेहतर तरीके से रिजल्ट नहीं दे पाता और आपको उसे चेंज करना पड़ता है, जिससे आपके अतिरिक्त पैसे खर्च होते हैं।
  • जब ब्यूटी ब्लेंडर को सही तरह से क्लीन नहीं किया जाता तो इसमें बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। इस तरह अगर इस ब्यूटी ब्लेंडर का इस्तेमाल फेस पर किया जाए तो बैक्टीरिया आपके फेस पर ट्रांसफर हो जाते हैं और आपको एक्ने सहित अन्य कई प्रॉब्लम्स का सामना करना पड़ सकता है।

बेबी शैम्पू की मदद से क्लीन करें ब्यूटी ब्लेंडर

Beauty Blender
Clean Blender with the help of baby shampoo

यह एक आसान तरीका है। जब भी आपके पास थोड़ा समय हो, आप इस तरीके से ब्यूटी ब्लेंडर को क्लीन करें।

  • इसके लिए आप पहले किसी बाउल में थोड़ा गर्म पानी लें। आप पानी को माइक्रोवेव में भी गर्म कर सकती हैं।
  • अब आप इसमें बेबी शैम्पू डालें। ध्यान रखें कि डिश सोप का इस्तेमाल ना करें। इससे आपकी स्किन में बाद में इरिटेशन हो सकती है।
  • अब इसमें ब्यूटी ब्लेंडर डालें और करीबन 15-20 मिनट के लिए पानी सोखने दें।
  • अब ब्यूटी ब्लेंडर को बाहर निकालें और हाथों से हल्की मसाज करते हुए क्लीन करें।
  • अगर जरूरत महसूस हो तो आप ब्यूटी ब्लेंडर के उपर थोड़ा सा बेबी शैम्पू डाल सकते हैं।
  • जब यह अच्छी तरह साफ हो जाए तो नल के नीचे इसे धो लें।
  • अब इसे हल्का सा हाथों की मदद से निचोड़ दें। लेकिन ध्यान रखें कि बहुत जोर से ऐसा ना करें।
  • अब इसे एक टॉवल में रैप करें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए।
  • अब इसे अच्छी तरह सूखने दें और फिर अपने मेकअप बॉक्स में इसे स्टोर करें।
  • दोबारा इस्तेमाल करने या स्टोर करने से पहले ब्यूटी ब्लेंडर को पूरी तरह सूखने दें।

ब्यूटी ब्लेंडर से दाग यूं करें साफ

Beauty Blender
Step to clean stains in blender

कई बार ऐसा होता है कि आप ब्यूटी ब्लेंडर को क्लीन कर लेते हैं, लेकिन फिर भी उस पर दाग लगे रह जाते हैं। ऐसे में यह तरीका अपनाएं।

  • सबसे पहले एक बाउल में थोड़ा पानी गर्म करें।
  • अब इसमें ब्यूटी ब्लेंडर को दस मिनट के लिए छोड़ दें।
  • इस पानी में आपको कुछ मिलाने की आवश्यकता नहीं है।
  • अब आप ब्यूटी ब्लेंडर को बाहर निकालें और इस पर थोड़ा क्लेंजर डाल दें।
  • इसके बाद आप क्लेंजर की मदद से हथेली पर ब्यूटी ब्लेंडर को घुमाते हुए अच्छी तरह साफ करें।
  • इसके बाद रनिंग वाटर में इसे धो लें।
  • इसे टॉवल पर रखें और अतिरिक्त पानी निचोड़ दें।
  • अब यह चेक करें कि ब्यूटी ब्लेंडर पर कोई निशान तो नहीं है।
  • अगर ऐसा है तो यही प्रोसेस दोबारा दोहराएं। आपका ब्यूटी ब्लेंडर एकदम नया हो जाएगा।

ब्यूटी ब्लेंडर को करें स्टेरलाइज

Beauty Blender
Sterilize

अगर आप उन महिलाओं में से हैं जो ब्यूटी ब्लेंडर का हर दिन इस्तेमाल करती हैं, तो आपको इसे सप्ताह में एक बार क्लीन करने के बावजूद महीने में एक बार स्टेरलाइज अवश्य करना चाहिए।

  • ब्यूटी ब्लेंडर को स्टेरलाइज करने के लिए सबसे पहले एक माइक्रोवेव सेफ बाउल में पानी डालें।
  • अब इसमें ब्यूटी ब्लेंडर डालें और बाउल को माइक्रोवेव डालें।
  • अब इसे करीबन 30 सेकंड के लिए माइक्रोवेव करें।
  • माइक्रोवेव को ऑफ करने के बाद ब्यूटी ब्लेंडर को एक-दो मिनट के लिए माइक्रोवेव में ऐसे ही रहने दें।
  • अब बाउल को बाहर निकालें और ब्यूटी ब्लेंडर को निकाल लें।
  • हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि ब्यूटी ब्लेंडर काफी गर्म होगा, इसलिए आपको थोड़ी सतर्कता बरतने की जरूरत है।
  • इसे पेपर टॉवल में रैप करें और सूखने दें।
  • जब यह सूख जाए तो आप इसे अपनी वैनिटी में रख दें।

Leave a comment